वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

आशा-लता के नाम पर बनेगा एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल! भाई हृदयनाथ मंगेशकर ने किया ऐलान, बोले- ‘हम कोशिश कर रहे हैं...’

प्रकाशित: 14-04-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
आशा-लता के नाम पर बनेगा एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल! भाई हृदयनाथ मंगेशकर ने किया ऐलान, बोले- ‘हम कोशिश कर रहे हैं...’
मंगेशकर परिवार ने अपनी दोनों महान बहनों लता मंगेशकर और आशा भोसले की याद में एक बहुत बड़ा कदम उठाया है. उनके भाई हृदयनाथ मंगेशकर ने ऐलान किया है कि उनके नाम पर एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल बनाने की प्लानिंग चल रही है. हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि पहले ये प्रोजेक्ट सिर्फ लता जी के नाम पर शुरू हुआ था. लेकिन अब आशा जी के निधन के बाद फैसला लिया गया है कि अस्पताल दोनों बहनों के नाम पर ही होगा, ताकि उनकी याद हमेशा जिंदा रहे.
हृदयनाथ मंगेशकर ने इस प्रोजेक्ट के बारे में बात करते हुए कहा, ‘हम कोशिश कर रहे हैं कि ये एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल बने. इसके लिए हमने काफी बड़ी जमीन ली है, आगे सब भगवान पर है’. उन्होंने बताया कि इस अस्पताल का नाम ‘लता-आशा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज’ या ‘लता-आशा मंगेशकर आयुर्विद्या संस्थान’ रखा जा सकता है. परिवार चाहता है कि ये जगह सिर्फ इलाज का केंद्र न हो, बल्कि लोगों के लिए एक प्रेरणा भी बने, जहां सेवा और संगीत दोनों की झलक मिले.
अस्पताल के साथ-साथ बनेगा खास म्यूजियम
इस बड़े अस्पताल के साथ-साथ मंगेशकर परिवार एक खास म्यूजियम बनाने की भी तैयारी कर रहा है. इस म्यूजियम में लता जी और आशा जी के लंबे संगीत सफर को दिखाया जाएगा. यहां उनके गाए गानों, अवॉर्ड्स और यादगार पलों को लोगों के सामने रखा जाएगा. खास बात ये होगी कि यहां आने वाले लोग सिर्फ देखने ही नहीं, बल्कि इंटरैक्टिव तरीके से संगीत सीख भी सकेंगे. यानी ये जगह नई पीढ़ी के लिए सीखने और समझने का भी एक अच्छा मौका देगी.
एक ही बिल्डिंग में बनेगी दोनों चीजें?
परिवार का मानना है कि इस तरह का म्यूजियम और अस्पताल दोनों मिलकर एक अलग पहचान बनाएंगे. जहां एक तरफ लोगों को बेहतर इलाज मिलेगा, वहीं दूसरी तरफ उन्हें भारतीय संगीत की समृद्ध विरासत के बारे में भी जानने को मिलेगा. हृदयनाथ मंगेशकर ने कहा कि उनकी कोशिश है कि ये प्रोजेक्ट सिर्फ एक बिल्डिंग न बनकर एक भावना बने, जो आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचे. फिलहाल इस पूरे प्रोजेक्ट को लेकर आगे की जानकारी आने वाले महीनों में सामने आएगी.
दोनों बहनों ने एक ही उम्र में छोड़ी दुनिया
इसी बीच, दिग्गज सिंगर आशा भोसले का हाल ही में मुंबई में निधन हो गया. वे 92 साल की थीं. उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बताया गया कि उन्हें सीने में इंफेक्शन और काफी कमजोरी महसूस हो रही थी. शनिवार को उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन उनकी हालत में ज्यादा सुधार नहीं हो पाया. आखिरकार रविवार दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली. आशा भोसले के निधन की खबर से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई.
कई सितारों में दी आशा भोसले को श्रद्धांजलि
उनके अंतिम संस्कार में कई बड़े सितारे शामिल हुए और उन्हें श्रद्धांजलि दी. आमिर खान, विक्की कौशल, तब्बू, विवेक ओबेरॉय, अनु मलिक, अनूप जलोटा, सुदेश भोसले और शान जैसे कई कलाकार वहां मौजूद रहे. सभी ने नम आंखों से इस महान गायिका को अलविदा कहा. उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए लोअर परेल स्थित उनके घर ‘कासा ग्रांडे’ में रखा गया था, जहां बड़ी संख्या में फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े लोग पहुंचे. हर कोई उन्हें आखिरी बार देखने और श्रद्धांजलि देने आया.
आश-लता के नाम गानों के रिकॉर्ड
इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया, जो उनके सम्मान और योगदान को दिखाता है. आशा भोसले ने अपने करियर में हजारों गाने गाए और अपनी आवाज से लोगों के दिलों में खास जगह बनाई. उनका जाना संगीत जगत के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है. बता दें, लता मंगेशकर ने 50,000 से 75,000 गानों का रिकॉर्ड अपने नाम किया, तो आशा भोसले ने 12000 से ज्यादा गानों का रिकॉर्ड अपने नाम किया. भले ही दोनों बहने हमारे बीच मौजूद नहीं, लेकिन उनके गाने हमेशा उनकी आवाज और यादों को दिलों में जिंदा रखेंगे.