होली के दिन फेमस एक्टर के घर पसरा मातम, पिता और फेमस प्रोड्यूसर का हुआ निधन
प्रकाशित: 05-03-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
रंगों के त्योहार होली के दिन फेमस करणवीर बोहरा के घर खुशियां मातम में बदल गईं हैं। करणवीर के पिता और जाने-माने फिल्म प्रोड्यूसर महेंद्र बोहरा का निधन हो गया है। इस दुखद खबर ने न केवल बोहरा परिवार बल्कि पूरी टेलीविजन इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है। पिता के जाने के गम में डूबे करणवीर ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक वीडियो और पोस्ट शेयर कर अपने दिल का हाल बयां किया है। जैसे ही ये खबर करण के फैंस तक पहुंची। हर कोई निराश हो गया। लोग करण को सांत्वना देने लगे। करणवीर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर पिता की यादों का एक कोलाज वीडियो शेयर किया। उन्होंने लिखा कि माता-पिता को खोने का दर्द वही समझ सकता है, जिसने इसे झेला है। करणवीर ने भावुक होते हुए कहा, "मैं आपसे बहुत प्यार करता हूं पापा। आपको कितनी याद आएगी, यह शब्दों में बताना मुमकिन नहीं है। लेकिन इस गहरे दुख के बीच मुझे एक बात से सुकून मिलता है कि आपने एक बहुत खूबसूरत और गरिमापूर्ण जिंदगी जी। आप हमेशा कहते थे कि आप काम करते हुए और एक्टिव रहते हुए इस दुनिया से जाना चाहते हैं, और आपने बिल्कुल वैसा ही किया। आप अपनी शर्तों पर जिए और अपनी शर्तों पर ही विदा हुए।" करणवीर ने अपनी पोस्ट में उन तमाम बातों का जिक्र किया, जो उनके पिता ने उन्हें सिखाई थीं। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने उन्हें कभी हार न मानना, मुश्किल समय में भी सकारात्मक रहना और गिरकर दोबारा संभलना सिखाया है।