वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

2700 करोड़ के मालिक अक्षय कुमार का बेटा कर रहा 4500 रुपये की नौकरी, आरव को नहीं बनना एक्टर

प्रकाशित: 19-04-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
2700 करोड़ के मालिक अक्षय कुमार का बेटा कर रहा 4500 रुपये की नौकरी, आरव को नहीं बनना एक्टर
बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार इन दिनों अपनी फिल्म भूत बंगला की सक्सेस एंजॉय कर रहे हैं. हर कोई फिल्म को लेकर एक्साइटेड नजर आ रहा है. लेकिन इन दिनों चर्चा उनकी फिल्म नहीं बल्कि उनके बेटे को लेकर हो रही है. जहां एक तरफ स्टार किड्स बड़े पर्दे पर चमकने के सपने देखते हैं, वहीं अक्षय का बेटा इस चमक-दमक से कोसों दूर अपनी अलग कहानी लिख रहा है. सुनने में थोड़ा फिल्मी लगे, लेकिन ये पूरी तरह रियल है. एक सुपरस्टार का बेटा ग्लैमर छोड़कर जमीन से जुड़ी जिंदगी जी रहा है और यही बात इसे बेहद दिलचस्प बना देती है.
बॉलीवुड से दूरी क्यों
अक्षय कुमार ने हाल ही में बताया कि उनके बेटे आरव भाटिया का फिल्मों में आने का कोई इरादा नहीं है. जहां लोग बॉलीवुड में मौका पाने के लिए संघर्ष करते हैं, वहीं आरव ने इस दुनिया से दूरी बना ली है. उन्हें एक्टिंग में कोई दिलचस्पी नहीं है और वो फैशन इंडस्ट्री में करियर बनाना चाहते हैं. अक्षय के मुताबिक आरव का नजरिया अलग है, लेकिन मेहनत करने की आदत बिल्कुल वही है.
4500 रुपये की नौकरी का सच
इस कहानी का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा ये है कि आरव सिर्फ 4500 रुपये की नौकरी कर रहे हैं. अक्षय ने खुद बताया कि उनका बेटा गांवों में जाकर फैब्रिक्स और प्रिंट्स सीखता है. ना कोई स्टार जैसा रुतबा, ना कोई दिखावा, बस सीखने का जुनून. वो सिंपल लाइफ जीते हैं और छोटे-छोटे एक्सपीरियंस से खुद को बेहतर बना रहे हैं.
लाइमलाइट से दूर, अपनी दुनिया अलग
आरव भाटिया का जन्म 2002 में हुआ और वो ट्विंकल खन्ना और अक्षय कुमार के बेटे हैं. 15 साल की उम्र में वो पढ़ाई के लिए विदेश चले गए और अब लंदन में रह रहे हैं. जहां उनकी बहन नितारा सोशल मीडिया पर नजर आती हैं, वहीं आरव लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करते हैं. दूसरी तरफ अक्षय की फिल्म भूत बंगला बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है, जिसमें परेश रावल, तब्बू और राजपाल यादव भी अहम भूमिका में हैं. इसके अलावा अक्षय कुमार जल्द ही वेलकम टू द जंगल में नजर आएंगे, जिसमें कई बड़े सितारे शामिल हैं. इसके अलावा उनकी एक और फिल्म हैवान भी पाइपलाइन में है, जिसकी जिम्मेदारी भी प्रियदर्शन के कंधों पर है.