वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

दूध में मिलावट का जहर और किसानों की विश्वसनीयता पर संकट

प्रकाशित: 17-03-2026 | लेखक: संपादकीय टीम
भारत में दूध केवल एक खाद्य पदार्थ नहीं है बल्कि यह हमारी संस्कृति, परंपरा और स्वास्थ्य का आधार माना जाता है। बच्चों की पहली खुराक से लेकर बुजुर्गों के पोषण तक दूध को पूर्ण आहार का दर्जा दिया गया है। यही कारण है कि भारतीय समाज में दूध को अमृत की संज्ञा दी जाती है। लेकिन आज यही अमृत मिलावटखोरों की लालच भरी मानसिकता के कारण संदेह और भय का विषय बनता जा रहा है।
हाल के वर्षों में सामने आई घटनाओं और जांच रिपोर्टों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि दूध में मिलावट का जाल देश के कई हिस्सों में फैल चुका है और इसका खामियाजा आम उपभोक्ता के साथ साथ ईमानदार किसानों को भी भुगतना पड़ रहा है।
हाल ही में आंध्रप्रदेश के गोदावरी जिले में दूध पीने के बाद कई लोगों की मौत की खबर ने पूरे देश को झकझोर दिया। यह घटना केवल एक दुर्घटना नहीं बल्कि उस गहरी समस्या का संकेत है जो वर्षों से धीरे धीरे बढ़ती जा रही है। दूध में मिलावट करने वाले लोग केवल पानी मिलाकर लाभ कमाने तक सीमित नहीं रहे बल्कि अब यूरिया, डिटर्जेंट, कास्टिक सोडा, हाइड्रोजन पेरोक्साइड और फॉर्मेलिन जैसे खतरनाक रसायनों का उपयोग भी करने लगे हैं। ये रसायन दूध को गाढ़ा और सफेद दिखाने के लिए डाले जाते हैं ताकि उपभोक्ता को असली दूध का भ्रम हो। लेकिन वास्तव में यह दूध नहीं बल्कि स्वास्थ्य के लिए खतरनाक रसायनों का मिश्रण बन जाता है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार देश में दूध के कई नमूने गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतर पाए। विशेष रूप से उत्तर भारत के कई राज्यों में बड़ी संख्या में दूध के नमूने असुरक्षित पाए गए। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है क्योंकि भारत विश्व का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश है और यहां करोड़ों परिवारों की आजीविका इस पर निर्भर है। ऐसे में मिलावटखोरों की करतूतों ने न केवल लोगों की सेहत को खतरे में डाला है बल्कि ईमानदारी से दूध उत्पादन करने वाले किसानों की साख को भी नुकसान पहुंचाया है। यह समझना बहुत जरूरी है कि दूध में मिलावट करने वाले और दूध उत्पादन करने वाले किसान दो अलग अलग वर्ग हैं।
किसान अपनी मेहनत और पशुपालन के माध्यम से दूध का उत्पादन करते हैं। वे अपने पशुओं की देखभाल करते हैं, चारा खिलाते हैं, दवाइयों का खर्च उठाते हैं और दिन रात मेहनत करके दूध बाजार तक पहुंचाते हैं। इसके विपरीत मिलावटखोर वे लोग हैं जो इस मेहनत से पैदा हुए दूध में रसायन मिलाकर अधिक मुनाफा कमाने की कोशिश करते हैं। इन लोगों का किसानों की मेहनत या उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से कोई लेना देना नहीं होता। उनका एकमात्र उद्देश्य जल्दी से जल्दी अधिक पैसा कमाना होता है। दुर्भाग्य की बात यह है कि जब भी दूध में मिलावट की खबर सामने आती है तो आम लोगों के मन में सबसे पहले संदेह दूध उत्पादकों और छोटे पोताओं पर जाता है। जबकि सच्चाई यह है कि अधिकतर किसान ईमानदारी से दूध का उत्पादन करते हैं और उनकी आय पूरी तरह इसी पर निर्भर होती है। देश में लगभग आठ से नौ करोड़ किसान किसी न किसी रूप में डेयरी व्यवसाय से जुड़े हुए हैं।
-कांतिलाल मांडोत,
सूरत, गुजरात।