वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

आपके कॉलेज में हैं साइनाइड पॉइज़न वाले बम; पीपुल्स यूनिवर्सिटी को मिली धमकी में LTTE का भी जिक्र

प्रकाशित: 19-02-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
 आपके कॉलेज में हैं साइनाइड पॉइज़न वाले बम; पीपुल्स यूनिवर्सिटी को मिली धमकी में LTTE का भी जिक्र
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल (Bhopal) स्थित पीपुल्स यूनिवर्सिटी (Peoples University Bomb Threat) में गुरुवार सुबह ई मेल के जरिए बम धमाके (Bomb Threat) की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया. मेल में दावा किया गया कि कैंपस में साइनाइड युक्त बम (Cyanide Poison Bomb) रखे गए हैं, जिनमें से कुछ दोपहर 12:15 बजे ब्लास्ट (Bomb Blast) करेंगे. जानकारी मिलते ही प्रशासन ने यूनिवर्सिटी को खाली करवा दिया और पुलिस ने कैंपस को घेरकर तलाशी शुरू कर दी.
ई-मेल में साइनाइड बम और आत्मघाती हमले की चेतावनी
मिली जानकारी के अनुसार धमकी भरे मेल में कहा गया कि “आपके कॉलेज में सायनाइड पॉइज़न वाले बम रखे गए हैं… 12:15 बजे ब्लास्ट करेंगे… 11 बजे तक डॉक्टर और स्टूडेंट्स को निकाल लें… यदि बम सक्रिय नहीं होते हैं, तो सदस्य मेडिकल कॉलेज के अंदर आकर श्रीलंका के ईस्टर हमले की तरह आत्मघाती विस्फोट करेंगे.” मेल में प्रतिबंधित संगठन LTTE का भी जिक्र किया गया है. धमकी देने वाले ने खुद को “सुसाइड बॉम्बर” बताते हुए यूनिवर्सिटी में घुसने का दावा किया.
सुरक्षा के मद्देनज़र पूरा कैंपस खाली
धमकी सामने आते ही यूनिवर्सिटी प्रशासन ने तत्काल छात्रों, डॉक्टरों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकालने का फैसला लिया. कैंपस को पूरी तरह खाली करवा दिया गया है और गेट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक अपडेट का इंतजार करने की अपील की है.
बम डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और एंटी साबोटाज टीम मौके पर
सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड यूनिवर्सिटी पहुंच गए. पूरे परिसर की एक एक इमारत, लैब, कक्ष और बेसमेंट की सघन तलाशी की जा रही है. अब तक किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
निशातपुरा थाना पुलिस ने ई मेल भेजने वाले की पहचान के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी है. साइबर सेल भी मेल के सर्वर, आईपी ऐड्रेस और रूट ट्रेस करने में जुटी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि “धमकी की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है. मेल भेजने वाले की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी.” पुलिस और प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. तलाशी अभियान जारी है और आगे की जानकारी आधिकारिक रूप से साझा की जाएगी.