बरसात में जलभराव और गंदगी पर योगी सरकार सख्त, नगर निकायों को तत्काल समाधान के निर्देश
प्रकाशित: 03-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
लखनऊ,(वीअ)। बारिश के मौसम में नागरिक सुविधाओं को लेकर योगी सरकार ने निगरानी तेज कर दी है। नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर जल निकासी, नाला-नालियों की सफाई, पेयजल आपूर्ति और अन्य नगरीय व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश के दौरान नागरिकों को किसी भी तरह की परेशानी न हो और जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
नगर विकास मंत्री ने नाला-नालियों की सफाई पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जलभराव की बड़ी वजह नालियों का अवरुद्ध होना है। सभी नगर निकायों में नालों और नालियों की सफाई पूरी गंभीरता से कराई जाए। सफाई के बाद निकलने वाली सिल्ट और कचरे का तत्काल निस्तारण भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि वह दोबारा नालियों में न पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री ने हर वर्ष जलभराव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां प्रभावी जल निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही बारिश के मौसम में पेयजल की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों को पर्याप्त और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए तथा पेयजल से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण हो। आगामी त्योहारों के मद्देनजर भी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने कहा कि त्योहारों के दौरान शहरों में भीड़ और आवाजाही बढ़ती है। ऐसे में साफ-सफाई, जल निकासी, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था पहले से बेहतर रखी जाए।