वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया कौशल प्रदर्शनी का उद्घाटन, ‘कौशलम' पुस्तिका का विमोचन, 11 युवा आइकॉन का सम्मान

प्रकाशित: 16-07-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
लखनऊ,(वीअ)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में योगी सरकार युवाओं को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार कर रही है। इसी ाढम में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग तथा उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में विश्व युवा कौशल दिवस-2026 के राज्य स्तरीय समारोह ‘कौशल से स्वावलंबन, स्वावलंबन से सम्मान' का भव्य आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कौशल विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन किया, ‘कौशलम' पुस्तिका का विमोचन किया तथा विभाग की गतिविधियों और उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म का अवलोकन किया। इस अवसर पर विभाग द्वारा प्रशिक्षित 11 युवाओं को मुख्यमंत्री के कर-कमलों से सम्मानित किया गया। आईटीआई अलीगंज लखनऊ के प्रशिक्षार्थियों द्वारा निर्मित स्मृति चिह्न मुख्यमंत्री को भेंट किया।
कार्पाम को संबोधित करते हुए व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि आज का दिन उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का दिन है। पूरी दुनिया देख रही है कि उत्तर प्रदेश में कैसे प्रशासनिक व्यवस्था, शासन, गुंडागर्दी का खात्मा, इंफ्रास्ट्रक्चर, 24 घंटे बिजली और युवाओं को रोजगार से जोड़ने का मॉडल बना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब भी देश-विदेश में बोलते हैं, स्किल की बात जरूर करते हैं। स्किल केवल नौकरी का साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण का माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश इस दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल' के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए विभाग सेल्फ हेल्प ग्रुप की बहनों और युवाओं के उत्पादों को बाजार दिला रहा है। हाल ही में प्रधानमंत्री ने मन की बात में गोबर से बने गणेश जी का उल्लेख किया था, ऐसे स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना विभाग की प्राथमिकता है।
मंत्री अग्रवाल ने योगी सरकार की उपलब्धियां पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पिछले 9 वर्षों में 20 लाख युवाओं को प्रशिक्षण, जिसमें 12.50 लाख को रोजगार मिला। 2026-27 में 10 लाख युवाओं को प्रशिक्षण का लक्ष्य है। प्रदेश में लगभग 94 लाख एमएसएमई इकाइयों की मैपिंग कर उनकी डिमांड के अनुसार प्रशिक्षण दिया गया है। योगी सरकार ने विभाग का बजट 9 गुना बढ़ाकर 3310 करोड़ रुपये किया है। टाटा समूह के साथ 7000 करोड़ रुपये का सीएसआर एमओयू, जिससे 225 आईटीआई को नई तकनीक से अपग्रेड किया गया है।