वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

21 सौ महिलाएं 16 को बनाएंगी गिनीज विश्व रिकॉर्ड

प्रकाशित: 13-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
लखनऊ,(वीअ)। सावन की फुहारों और उल्लास के रंगों में राजधानी लखनऊ 16 अगस्त को विश्व पटल पर अपनी एक नई पहचान बनाएगा। सावन माह के पावन अवसर पर 21 सौ महिलाएं एक साथ हरियाली तीज के गीतों पर थिरककर हरियाला विश्व रिकॉर्ड अपने नाम करेंगी। यह भव्य आयोजन केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित अटल प्रेक्षागृह में होगा, जिसकी गूंज दूर-दूर तक सुनाई देगी।
इस ऐतिहासिक पल की गवाही देने के लिए अंतरराष्ट्रीय गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की प्रतिनिधि प्रीति सिंह भी विशेष रूप से लखनऊ पहुंच रही हैं। आयोजन की पूरी जिम्मेदारी संभाल रही संस्था शिवी शिल्पग्राम की अध्यक्ष और मुख्यमंत्री व राज्यपाल से पुरस्कृत महिला उद्यमी पुनीता भटनागर ने पत्रकारों को घर घर हरियाली कार्पाम की जानकारी देते हुए बताया कि सावन का महीना हमारी सनातन संस्कृति का उत्सव और उल्लास भरे त्योहारों का महीना है। शिव पूजन के साथ-साथ हरियाली तीज, कजरी और झूले का उल्लास इस महीने की परम्परागत पहचान है। इसी परंपरा को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से यह अनूठा आयोजन किया जा रहा है। इस कार्पाम की सबसे बड़ी विशेषता प्रसिद्ध लोक गायिका रीना टण्डन का लाइव प्रस्तुतीकरण होगा। रीना टण्डन अपनी मधुर आवाज में कजरी, सावन और लोकगीतों से पूरे माहौल को उल्लासमय बना देंगी। उनके गीतों पर महिलाएं थिरकती हुई एक साथ विश्व रिकॉर्ड की ओर कदम बढ़ाएंगी।
गायिका रीना टण्डन ने बताया कि आयोजन के दिन 16 अगस्त को दिन में 21 सौ महिलाएं एक जैसे हरे परिधान, चूड़ियों और मेहंदी से सज-धजकर सावन के गीतों पर सामूहिक प्रस्तुति देंगी। हरे-भरे माहौल, पारंपरिक झूलों और लोक धुनों के बीच यह नजारा बेहद मनोहारी होगा। पुनीता भटनागर ने कहा, हमारा प्रयास है कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाए और महिलाओं की एकजुटता व शक्ति को दुनिया के सामने लाया जाए। जब 21 सौ महिलाएं एक सुर, एक लय और एक रंग में होंगी तो यह सिर्फ रिकॉर्ड नहीं, बल्कि नारी शक्ति का प्रतीक बनेगा।
आयोजन समिति ने बताया कि कार्पाम में प्रदेश भर से महिला समूह, स्वयं सहायता समूह और सांस्कृतिक संस्थाओं की महिलाएं भाग लेंगी। सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।