वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

ईरान के पास फारस की खाड़ी के ऊपर उड़ान भर रहा अमेरिकी सैन्य विमान लापता

प्रकाशित: 05-05-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
ईरान के पास फारस की खाड़ी के ऊपर उड़ान भर रहा अमेरिकी सैन्य विमान लापता
नई दिल्ली:
ईरान के पास फारस की खाड़ी के ऊपर उड़ान भर रहा अमेरिका का एक सैन्य विमान लापता हो गया है. अमेरिकी वायु सेना का ये बोइंग केसी-135 स्ट्रैटोटैंकर है. इसने 7700 संकट का संकेत भी जारी किया था, जो उड़ान के दौरान आपातकाल का संकेत होता है.
फ्लाइटराडार24 के आंकड़ों के अनुसार, मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान के तट से दूर फारस की खाड़ी के ऊपर उड़ान भरते समय आपात स्थिति की घोषणा की थी. ये विमान अमेरिकी सैन्य विमानों के लिए एक उड़ते हुए ईंधन स्टेशन के रूप में काम करता था.
उड़ान ट्रैकिंग डेटा से पता चलता है कि विमान उतरने से पहले कुछ देर तक हवा में चक्कर लगाता रहा. आपात स्थिति का सटीक कारण अभी पता नहीं चल पाया है. वहीं इस घटना को किसी भी हमले की कार्रवाई से जोड़े जाने को लेकर भी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी फ़ार्स ने फ्लाइटराडार24 के आंकड़ों का हवाला देते हुए विमान के लापता होने की सूचना दी. हालांकि ईरान की ओर से अमेरिकी सैन्य विमान की आपात स्थिति में ईरान की संलिप्तता का कोई संकेत देने वाला बयान नहीं आया है.
KC-135 स्ट्रैटोटैंकर क्या है?
KC-135 स्ट्रैटोटैंकर एक सैन्य विमान है जो स्वेप्ट विंग्स के नीचे लगे चार टर्बोफैन इंजनों से संचालित होता है और मुख्य रूप से हवाई ईंधन भरने के लिए उपयोग किया जाता है. ईंधन भरने की प्रणाली के ऊपर एक कार्गो डेक होता है, जिससे यह यात्रियों और उपकरणों दोनों को ले जा सकता है, और इसका उपयोग हवा में अन्य विमानों को ईंधन उपलब्ध कराने के लिए किया जाता है. यह 60 से अधिक सालों से अमेरिकी वायु सेना के अभियानों का हिस्सा रहा है.
इसे यह विमान लड़ाकू जेट, बमवर्षक और अन्य सैन्य विमानों को अधिक समय तक हवा में रहने और अधिक दूरी तय करने में सक्षम बनाता है. यह अमेरिकी नौसेना, मरीन कॉर्प्स और सहयोगी देशों के विमानों को भी सहायता प्रदान करता है.
विमानों को हवा में ईंधन भरने के अलावा, केसी-135 यात्रियों और माल को भी ले जा सकता है, हवाई चिकित्सा निकासी अभियानों में भी ये सहायता कर सकता है और विशेष चिकित्सा पैलेट का उपयोग करके घायल या बीमार रोगियों को ले जा सकता है. कॉन्फ़िगरेशन के आधार पर, यह लगभग 37,600 किलोग्राम माल या कई दर्जन यात्रियों को ले जा सकता है.