बंगाल में दीदी का हिला ‘ताज’, दक्षिण में बदला ‘राज’, हिमंता के हाथ फिर असम का ‘काज’
प्रकाशित: 05-05-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
कांतिलाल मांडोत
नई दिल्ली:
Assembly Election Results LIVE: पश्चिम बंगाल में 15 साल पुराने 'दीदी' के अभेद्य किले को ढहाकर भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक भगवा परचम लहराया है, वहीं तमिलनाडु में 'थलापति' विजय के उदय ने द्रविड़ राजनीति के पारंपरिक स्वरूप को बदल कर रख दिया है. असम में हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में विकास की 'हैट्रिक' लगी है, तो दूसरी तरफ केरल की जनता ने 10 साल बाद बदलाव की राह चुनते हुए कांग्रेस नेतृत्व वाले यूडीएफ (UDF) को सत्ता की चाबी सौंपी है. पुडुचेरी में भी एनडीए गठबंधन ने अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी है.
शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर में ममता बनर्जी को 15,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी ने पांच साल पहले नंदीग्राम के राजनीतिक परिदृश्य की तरह ही एक नाटकीय और महत्वपूर्ण मुकाबले में, सोमवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उनके निर्वाचन क्षेत्र भवानीपुर में हराकर तृणमूल कांग्रेस को तगड़ा झटका दिया. निर्वाचन आयोग के अनुसार, अधिकारी ने 15,105 मतों के अंतर से जीत हासिल की. यह एक आश्चर्यजनक उलटफेर है क्योंकि बनर्जी शुरुआती दौर में बढ़त बनाये हुए थीं.
भाजपा ने पुडुचेरी में विधायक दल का नेता चुनने के लिए मांडविया को पार्टी पर्यवेक्षक नियुक्त किया
भाजपा ने सोमवार को पुडुचेरी में अपने विधायक दल का नेता चुनने के लिए केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया को पार्टी का पर्यवेक्षक नियुक्त किया. पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में एआईएनआरसी के नेतृत्व वाली राजग की जीत के बाद भाजपा ने पर्यवेक्षक की नियुक्ति की है. भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक बयान में कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने पुडुचेरी में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और पुडुचेरी की भाजपा प्रभारी निर्मला कुमार सुराना को नियुक्त किया है.’’
पश्चिम बंगाल चुनाव : मोयना में फिर चला अशोक डिंडा का 'स्विंग', भाजपा का दबदबा कायम
पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले की अहम मोयना विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर जीत दर्ज करते हुए अपना कब्जा बरकरार रखा है. पूर्व भारतीय क्रिकेटर अशोक डिंडा ने 2026 के विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार इस सीट से जीत हासिल की है. चुनाव आयोग के नतीजों के अनुसार, अशोक डिंडा को 1,27,166 वोट मिले और उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार चंदन मंडल को 16,241 वोटों के अंतर से हराया. वहीं, सीपीआई के उम्मीदवार स्वपन कुमार बर्मन महज 4,499 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे.
बंगाल में जनशक्ति की जीत हुई, असम में शानदार जनादेश : प्रधानमंत्री मोदी ने चुनाव परिणामों पर कहा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में जनशक्ति की जीत हुई है और भाजपा की सुशासन की राजनीति विजयी हुई, जबकि असम में राजग की जीत विकास और जन-कल्याण की राजनीति के प्रति जनता-जनार्दन के अटूट विश्वास का प्रतीक है. मोदी ने ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट में कहा कि बंगाल में जनता-जनार्दन ने भाजपा को अभूतपूर्व जनादेश दिया है. उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि हमारी पार्टी पश्चिम बंगाल के लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी. हमारी डबल इंजन सरकार समाज के सभी वर्गों के लिए समान अवसर और सम्मान सुनिश्चित करेगी.’’
TMC अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि तीन बजे से वे हमें मार रहे हैं, उन्होंने मुझे लात मारी, CCTV बंद कर दिया, हमारे एक एजेंट को घुसने नहीं दिया. मैं 5 मिनट के लिए घुसी थी, मैंने अनुरोध किया था कि हमारे एजेंट को घुसने दें, उन्होंने मुझे आश्वासन दिया कि वे घुसने देंगे लेकिन फिर कोई उपलब्ध नहीं था. मैंने हर जगह शिकायत की. TVK चीफ विजय चेन्नई में अपने माता-पिता के आवास के बाहर मौजूद भीड़ का अभिवादन करते हुए. उनकी पार्टी ने तमिलनाडु चुनाव में सबसे ज़्यादा बढ़त हासिल की है. पश्चिम बंगाल और असम चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है. यह अभूतपूर्व है. जब वर्षों की मेहनत सफलता में तब्दील होती है, तो लोगों के चेहरों पर जो खुशी दिखती है, वही खुशी मैं आज देशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं के चेहरों पर देख रहा हूं. पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी की ये ऐतिहासिक जीत, पीढ़ियों से अनगिनत कार्यकर्ताओं के प्रयासों और संघर्षों के बिना संभव नहीं थी. सालों तक उन्होंने ज़मीनी स्तर पर कड़ी मेहनत की है. मैं उन सभी को नमन करता हूं. असम के डिब्रूगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपना परचम लहराया है. पार्टी ने प्रशांत फूकन उम्मीदवार को यहां से मैदान में उतारा, जिनका मुकाबला असम जातीय परिषद पार्टी के उम्मीदवार मैनाक पात्रा के साथ था. इस कड़े मुकाबले में डिब्रूगढ़ की जनता ने भाजपा उम्मीदवार को प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया है. भाजपा के प्रशांत फूकन ने यहां अपने प्रतिद्वंदी उम्मीदवार को 72043 वोटों के अंतर से हराया है. प्रशांत को 106803 मिले, जबकि पात्रा ने 34760 वोट हासिल किए.