वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

विशेष चुनाव में लेबर पार्टी के एंडी बर्नहैम की जीत

प्रकाशित: 20-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
विशेष चुनाव में लेबर पार्टी के एंडी बर्नहैम की जीत
लंदन, (एपी)। लेबर पार्टी के नेता एवं ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर एंडी बर्नहैम ने संसद की एक सीट के लिए हुए एक विशेष चुनाव में जीत दर्ज कर ली और इसी के साथ वह प्रधानमंत्री कीअर स्टॉर्मर के नेतृत्व को चुनौती देने की स्थिति में आ गए हैं।
बर्नहैम ने उत्तर-पश्चिम इंग्लैंड के मेकरफील्ड में हुए मुकाबले में आव्रजन विरोधी पार्टी रिफॉर्म यूके के रॉब केन्यन को हराया। शुक्रवार को घोषित इस जीत ने लेबर पार्टी और देश के नेता के तौर पर स्टॉर्मर की जगह लेने के प्रमुख दावेदार के रूप में बर्नहैम की स्थिति और मजबूत कर दी है। बर्नहैम ने वादा किया है, अगर लोग मुझ पर भरोसा जताते हैं तो मैं राजनीति को बदल दूंगा। उन्होंने कहा कि वह बदलाव की लड़ाई को जितना हो सके, उतने ऊंचे स्तर तक ले जाएंगे। जुलाई 2024 के चुनाव में मध्यमार्गी-वामपंथी लेबर पार्टी को भारी जीत दिलाने के कुछ वक्त बाद से स्टॉर्मर की लोकप्रियता तेजी से गिरी है। वह आर्थिक विकास के अपने वादे को पूरा करने, बदहाल सार्वजनिक सेवाओं को सुधारने और महंगाई से लोगों को राहत दिलाने में जूझते रहे हैं। कई गलत फैसलों ने भी उनकी मुश्किलें बढ़ाई हैं। इनमें विवादों में रहे जेफरी एपस्टीन के मित्र पीटर मैंडेलसन को अमेरिका में ब्रिटेन का राजदूत नियुक्त करने का फैसला भी शामिल है। मई में हुए स्थानीय चुनावों में पार्टी के बेहद खराब प्रदर्शन के बाद लेबर पार्टी के कई सांसदों ने स्टॉर्मर के इस्तीफे की मांग की थी। स्टॉर्मर ने पद छोड़ने से इनकार कर दिया, लेकिन पार्टी के वरिष्" नेता नेतृत्व में बदलाव के लिए उन पर दबाव बना रहे हैं। वेस स्ट्रीटिंग ने मई में स्वास्थ्य मंत्री के पद से इस्तीफा देते हुए कहा था, जहां हमें दूरदृष्टि की जरूरत है, वहां खालीपन है। इसके बाद मेकरफील्ड से लेबर पार्टी के सांसद जोश साइमंस ने इस्तीफा दे दिया, जिससे उपचुनाव का रास्ता खुला और बर्नहैम को संसद में लौटने का मौका मिला। ब्रिटेन की संसदीय व्यवस्था में सत्तारूढ़ दल कार्यकाल के बीच में अपना नेता बदल सकता है और नया नेता राष्ट्रीय चुनाव कराए बिना प्रधानमंत्री बन जाता है। लेबर पार्टी के नियमों के तहत कोई सांसद पार्टी नेता को तभी चुनौती दे सकता है, जब उसे हाउस ऑफ कॉमन्स में पार्टी के पांचवें हिस्से के सांसदों का समर्थन हासिल हो। फिलहाल इसके लिए 81 सांसदों का समर्थन जरूरी है। स्ट्रीटिंग ने मंगलवार को कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि स्टॉर्मर पद छोड़ने के लिए तैयार हो जाएंगे, लेकिन अगर वह ऐसा नहीं करते हैं तो नेतृत्व के लिए मुकाबला कराना होगा और मैं इसके लिए तैयार रहूंगा।