वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

व्हाइट हाउस के बाहर ईरान के खिलाफ प्रदर्शन, लोगों ने ट्रंप के हमलों का किया समर्थन

प्रकाशित: 15-03-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
व्हाइट हाउस के बाहर ईरान के खिलाफ प्रदर्शन, लोगों ने ट्रंप के हमलों का किया समर्थन
इस्राइल-अमेरिका और ईरान युद्ध का आज 16वां दिन है. युद्ध की लपटें पूरे मिडिल ईस्ट में फैल गई है. इस बीच, मध्य इस्फहान प्रांत के कई ठिकानों पर मिसाइलों से हमला हो गया, जिसमें कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई. इसके अलावा, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि जो सहयोगी देश खाड़ी देशों के तेल पर निर्भर हैं, उन्हें होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने में मदद करनी चाहिए.
ईरानी विदेश मंत्री ने दी चेतावनी
ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने खाड़ी इलाकों के लोगों को चेतावनी दी है कि वे तेल बंदरगाहों के पास के इलाकों को खाली कर दें. इसके अलावा, ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने चेतावनी दी कि अगर तेहरान के ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाता है तो मध्य पूर्व में मौजूद अमेरिका की कंपनियों को निशाना बनाया जाएगा.
अब तक 2200 लोगों की मौत
इस्राइल-ईरान युद्ध के साथ-साथ इस्राइल और लेबनान के बीच भी युद्ध हो रहा है. ईरान-लेबनान के हमलों की वजह से इस्राइल को भारी नुकसान हो रहा है. ईलात शहर में रॉकेट के टुकड़ों से सात लोग घायल हो गए हैं. 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने से लेकर अब तक कुल 2200 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. अगर युद्ध और चलता है तो जान-माल को अधिक नुकसान होने की आशंका है.
इस्राइली हमले में लेबनान में 1 की मौत
लेबनान के सिदोन शहर में इस्राइली हवाई हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई है. रिहायशी इमारत में आग भी लग गई है. घायलों की संख्या के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है.
इस्राइल ने मिसाइलों को मार गिराया
इस्राइली एयर डिफेंस सिस्टम ने दक्षिणी हिस्सों की ओर दागी गई मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया है, जिस वजह से हमले में किसी के भी हताहत होने की खबरें नहीं है.
व्हाइट हाउस के बाहर ईरान विरोधी प्रदर्शन
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस के बाहर प्रदर्शनकारियों ने ईरान की सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. उन्होंने ट्रंप के हमलों का समर्थन किया. प्रदर्शनकारी ईरान की इस्लामिक सरकार को खत्म करने की मांग कर रहे हैं.
दुबई की उड़ानों पर इंडिगो ने बढ़ाई पाबंदी
सुरक्षा कारणों से इंडिगो ने दुबई की उड़ानों पर पाबंदी बढ़ा दी है. इंडिगो ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जरूर चेक कर लें. बता दें, इंडिगो पहले भी अन्य देशों के लिए उड़ाने निलंबित कर चुका है.