एबीडीएल को वित्त वर्ष 2026-27 में आमदनी में करीब 15 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद
प्रकाशित: 27-07-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली, (भाषा)। शराब बनाने वाली कंपनी अलाइड ब्लेंडर्स एंड डिस्टिलर्स लिमिटेड (एबीडीएल) को वित्त वर्ष 2026-27 में राजस्व और बिक्री मात्रा में 15 प्रतिशत (मिड-टीन) स्तर की वृद्धि की उम्मीद है। कंपनी को प्रीमीयम उत्पादों पर बढ़ते ध्यान, निर्यात कारोबार के विस्तार और उत्पादन क्षमता बढ़ने से यह वृद्धि मिलने की उम्मीद है। हालांकि, वैश्व्कि तनाव और आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान जैसी चुनौतियां बनी हुई हैं। ऑफिसर्स चॉइस और आइकॉनिक जैसे ब्रांडों का स्वामित्व रखने वाली कंपनी एबीडीएल के प्रबंध निदेशक अमर सिन्हा ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा कि कंपनी अगले तीन साल के लिए प्रीमीयमीकरण, लाभप्रदता को मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय कारोबार के विस्तार पर केंद्रित परिवर्तन रणनीति पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि कंपनी अगले तीन वर्षों में अपनी मौजूदगी 60-70 देशों तक बढ़ाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। यह विस्तार उसके प्रीमियम पोर्टफोलियो के दम पर होगा। सिन्हा ने कहा, वित्त वर्ष 2026-27 में हमारी बिक्री मात्रा और कुल राजस्व में करीब 13 से 17 प्रतिशत (मिड-टीन) की वृद्धि होगी। हमारा कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) मार्जिन वित्त वर्ष 2025-26 के समान स्थिर बना रहेगा।