गुरुग्राम में एक व्यक्ति ने की आत्महत्या, जांच जारी
प्रकाशित: 27-07-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
गुरुग्राम, (वीअ) गुरुग्राम के न्यू पालम विहार इलाके में रविवार को एक घर के बेसमेंट में 38 साल के एक व्यक्ति ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के रहने वाले राजेश पिछले 15 वर्षों से सुरेंद्र दुग्गल के लिए चालक का काम कर रहे थे और अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ उसी घर में रह रहे थे। परिवार वालों के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 10 बजे परिवार के साथ नाश्ता करने के बाद राजेश घर के बेसमेंट में गए, जहां पूर्वाह्न करीब 11 बजे उन्होंने आत्महत्या कर ली। घटना का पता दोपहर के समय चला, जब परिवार के एक सदस्य ने उन्हें देखा और पुलिस को सूचना दी। पालम विहार पुलिस थाने की एक टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच अधिकारी सहायक उपनिरीक्षक विनोद कुमार ने कहा, मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। राजेश के इस कदम के पीछे की वजह अभी पता नहीं चल पायी है। हम परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रहे हैं और मामले की हर पहलू से जांच कर रहे हैं।