वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

ऐतिहासिक दिल्ली विधानसभा परिसर में बनेगा नया संग्रहालय: विजेंद्र गुप्ता

प्रकाशित: 02-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
वीर अर्जुन संवाददाता
नई दिल्ली। “दिल्ली विधानसभा परिसर में शीघ्र ही एक आधुनिक एवं अत्याधुनिक संग्रहालय स्थापित किया जाएगा, जो दिल्लीवासियों को इस ऐतिहासिक स्थल के समृद्ध इतिहास, संवैधानिक विरासत और स्थापत्य धरोहर को जानने-समझने का अवसर प्रदान करेगा,'' यह बात दिल्ली विधानसभा के माननीय अध्यक्ष श्री विजेंद्र गुप्ता ने आज दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कही। सचिवालय की युवा संपर्क कार्पाम के तहत छात्रों से संवाद करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने परिसर को आम जनता के लिए एक शैक्षिक गंतव्य के रूप में विकसित करने की योजनाओं की जानकारी दी।
प्रस्तावित संग्रहालय में दुर्लभ ऐतिहासिक कलाकृतियो, अभिलेखीय दस्तावेजों और आज़ादी से पूर्व एवं आज़ादी के बाद विधानसभा के विकापाम को दर्शाने वाली संवादात्मक प्रदर्शनियों को प्रदर्शित किया जाएगा। वर्ष 1912 में निर्मित इस ऐतिहासिक स्थल के कुछ हिस्सों को सुव्यवस्थित एवं विषयवस्तु-आधारित सार्वजनिक स्थान के रूप में विकसित कर सचिवालय का उद्देश्य आगंतुकों को राष्ट्र के विधायी अतीत के महत्वपूर्ण एवं आधारभूत पड़ावों से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ना है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह पहल राजधानी के युवाओं और शोधार्थियों के लिए अनुभवात्मक शिक्षण केंद्र के रूप में कार्य करेगी। नागरिकों को स्थानीय लोकतंत्र के इस केंद्र तक प्रत्यक्ष पहुंच प्रदान करने से उनमें लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति स्वामित्व और सहभागिता की भावना मजबूत होगी तथा भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति जन-आदर और समझ को और गहरा किया जा सकेगा।
दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों से छात्र इस कार्पाम में शामिल हुए, जिनमें भगिनी निवेदिता कॉलेज, शिवाजी कॉलेज, राजधानी कॉलेज, श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज, पीजीडीएवी कॉलेज, शहीद भगत सिंह कॉलेज और हंसराज कॉलेज शामिल थे। छात्रों ने दिल्ली विधानसभा भवन का दौरा किया और इसकी ऐतिहासिक एवं विधायी विरासत से परिचित हुए।
यह परियोजना राजधानी की विरासत के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से कार्यरत विधानसभा परिसर को एक ऐसे जीवंत सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जो ऐतिहासिक उपलब्धियों के साथ-साथ समकालीन शासन और लोकतांत्रिक व्यवस्था को भी प्रदर्शित एवं समाहित करेगा।