वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष के लिए सत्या शर्मा, उपाध्यक्ष के लिए सत्यपाल सिंह ने नामांकन दाखिल किए

प्रकाशित: 22-07-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
वीर अर्जुन संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के लिए आज सिविक सेंटर स्थित निगम सचिव कार्यालय में नामांकन दाखिल किये गए। नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन था। बीजेपी की तरफ से अध्यक्ष पद के लिए श्रीमती सत्या शर्मा (वार्ड नंबर-226 गौतम पुरी) ने तथा उपाध्यक्ष पद के लिए श्री सत्यपाल सिंह( वार्ड नंबर- 248 करावल नगर वेस्ट) ने अपना नामांकन भरा। इस अवसर पर दिल्ली के महापौर श्री प्रवेश वाही, उप महापौर डॉ मोनिका पंत,नेता सदन श्री जय भगवान यादव,सदस्य स्थायी समिति श्री हेमचंद गोयल और पार्षद श्री मुकेश गोयल भी मौजूद रहे।
दिल्ली के महापौर श्री प्रवेश वाही ने इस अवसर पर कहा कि हम सब मिलकर दिल्ली को सुंदर बनाने के लिए कृत संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में दिल्ली की स्थिति पहले से बेहतर हुई है। श्री प्रवेश वाही ने कहा कि हमारा लक्ष्य तय समय में कूड़े के पहाड़ों को साफ करना है और इस दिशा में हमने काफी प्रगति की है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द ही हम ओखला लैंडफिल साइट पर एक सुंदर पार्क देखेंगे और भलस्वा लैंडफिल साइट को भी जल्द साफ कर दिया जाएगा। महापौर श्री प्रवेश वाही ने कहा कि गाजीपुर लैंडफिल साइट पर कूड़े के निस्तारण के लिए नई कंपनी अनुबंधित की गई है और जल्द ही वहां नई मशीनें लगा दी जाएंगी।
उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आव्हान पर एनटीपीसी द्वारा 40 लाख टन इनर्ट गाजीपुर लैंडफिल साइट से ली जाएगी जिसके चलते वहां कूड़ा निस्तारण के कार्य में तेजी आएगी और इसे भी हम जल्द ही खत्म कर देंगे। दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव सोमवार 27 जुलाई 2026 को होगा। दो ही नामांकन होने के लिए सिर्फ औपचारिकता ही पूरी की जाएंगे।