वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

Indane, HP और Bharat Gas: बिना कॉल किए कैसे बुक करें रसोई गैस? WhatsApp से लेकर मिस्ड कॉल तक, सब कुछ जानें यहां

प्रकाशित: 13-03-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
Indane, HP और Bharat Gas: बिना कॉल किए कैसे बुक करें रसोई गैस? WhatsApp से लेकर मिस्ड कॉल तक, सब कुछ जानें यहां
देश के कई हिस्सों में LPG सिलेंडर की कमी की अफवाह फैल रही है. ऐसे में लोग एजेंसियों में लंबी लाइन लगाकर खड़े हैं. कुछ कह रहे हैं कि कॉल कनेक्ट नहीं हो पा रही है. अगर आप भी फोन से सिलेंडर बुक नहीं कर पा रहे हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है. गैस कंपनियों ने सिलेंडर बुक करने के कई अन्य डिजिटल विकल्प भी दिए हैं. इन तरीकों की मदद से आप घर बैठे आसानी से LPG सिलेंडर बुक कर सकते हैं और गैस एजेंसी जाने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी. आपको बता दें कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने पत्रकारों से बातचीत में साफ कहा कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है. सरकार की तरफ से हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है. सरकार की तरफ से एलपीजी और पेट्रोल की सप्लाई को बिना किसी संकट जारी रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जा रहा है.
सिलेंडर बुक करने के चार आसान तरीके
अक्सर लोग गैस सिलेंडर बुक करने के लिए फोन कॉल का इस्तेमाल करते हैं, क्योंकि यह सबसे आसान और लोकप्रिय तरीका माना जाता है. लेकिन जब कॉल के जरिए बुकिंग नहीं हो पाती, तो दूसरे विकल्प काम आते हैं. अब आप WhatsApp, मिस्ड कॉल, SMS और मोबाइल ऐप या ऑनलाइन पोर्टल के जरिए भी सिलेंडर बुक कर सकते हैं. ये सभी तरीके काफी आसान हैं और कुछ ही मिनटों में आपकी बुकिंग पूरी हो जाती है.
WhatsApp से भी कर सकते हैं सिलेंडर बुक
आजकल कई गैस कंपनियां WhatsApp के जरिए भी सिलेंडर बुकिंग की सुविधा दे रही हैं. इसके लिए आपको अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से गैस कंपनी के WhatsApp नंबर पर मैसेज भेजना होता है. Indane गैस के ग्राहक 7588888824 नंबर पर “REFILL” लिखकर मैसेज भेज सकते हैं. इसके बाद उन्हें बुकिंग की जानकारी मिल जाती है. HP Gas के ग्राहक 9222201122 नंबर पर “Hi” या “Book” लिखकर मैसेज कर सकते हैं. वहीं Bharat Gas के ग्राहक 1800224344 नंबर पर “Hi” या “Book” लिखकर मैसेज भेज सकते हैं. WhatsApp के जरिए बुकिंग का यह तरीका काफी आसान और तेज माना जाता है.
मिस्ड कॉल से भी हो जाएगी बुकिंग
अगर आप WhatsApp इस्तेमाल नहीं करते हैं, तो मिस्ड कॉल के जरिए भी सिलेंडर बुक कर सकते हैं. इसके लिए आपको अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से गैस कंपनी के दिए गए नंबर पर मिस्ड कॉल देना होता है. Indane गैस के ग्राहक 8454955555 नंबर पर मिस्ड कॉल देकर सिलेंडर बुक कर सकते हैं. वहीं HP Gas के ग्राहक 9493602222 नंबर पर मिस्ड कॉल दे सकते हैं. मिस्ड कॉल देने के बाद आपको बुकिंग कन्फर्मेशन का मैसेज भी मिल जाता है.
SMS के जरिए भी कर सकते हैं बुकिंग
SMS के जरिए सिलेंडर बुक करना भी एक आसान विकल्प है. इसके लिए आपको अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से मैसेज भेजना होगा. Indane गैस के ग्राहक 7718955555 नंबर पर “REFILL” लिखकर SMS भेज सकते हैं. वहीं Bharat Gas के ग्राहक 7715012345 या 7718012345 नंबर पर “LPG” लिखकर मैसेज भेज सकते हैं. इसके बाद आपको बुकिंग की पुष्टि का संदेश मिल जाएगा.
मोबाइल ऐप और पेमेंट ऐप से भी बुकिंग
आज के समय में मोबाइल ऐप के जरिए भी सिलेंडर बुक करना बहुत आसान हो गया है. आप अपनी गैस कंपनी की आधिकारिक ऐप डाउनलोड करके सीधे वहीं से सिलेंडर बुक कर सकते हैं. इसके अलावा सरकारी ऐप UMANG के जरिए भी गैस सिलेंडर बुकिंग की सुविधा मिलती है. कई पेमेंट ऐप जैसे Paytm, PhonePe और Amazon Pay पर भी LPG सिलेंडर बुक करने का विकल्प दिया जाता है. इन ऐप्स की मदद से आप बुकिंग के साथ-साथ ऑनलाइन पेमेंट भी कर सकते हैं.
सिलेंडर डिलीवरी न हो तो कैसे करें शिकायत
कई बार ऐसा होता है कि सिलेंडर बुक होने के बाद भी समय पर डिलीवरी नहीं होती. ऐसी स्थिति में ग्राहक अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले आप गैस कंपनी के टोल फ्री नंबर पर कॉल कर सकते हैं. Indane गैस के ग्राहक 1800-2333-555 पर, Bharat Gas के ग्राहक 1800-22-4344 पर और HP Gas के ग्राहक 1800-2333-555 पर कॉल करके शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
इसके अलावा आप अपनी गैस कंपनी की वेबसाइट पर जाकर भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं. Indane ग्राहक iocl.com पर ‘Feedback’ सेक्शन में जाकर अपनी समस्या लिख सकते हैं. HP Gas के ग्राहक myhpgas.in पर ‘Grievance Redressal’ विकल्प चुन सकते हैं, जबकि Bharat Gas के ग्राहक my.ebharatgas.com पर ‘Feedback/Complaint’ सेक्शन में जाकर शिकायत कर सकते हैं.
अगर आप चाहें तो सरकारी UMANG ऐप के जरिए भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं. यहां आपको शिकायत का एक रेफरेंस नंबर मिलता है, जिससे आप अपनी शिकायत की स्थिति भी ट्रैक कर सकते हैं. इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे X पर अपनी गैस कंपनी को टैग करके भी समस्या साझा की जा सकती है.