वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

एक सप्ताह में 35 अपराधी गिरफ्तार

प्रकाशित: 10-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
फरीदाबाद (वीअ)। साइबर अपराधियों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक के नेतृत्व में फरीदाबाद पुलिस के तीनों साइबर थानों की टीमों ने एक सप्ताह के दौरान साइबर ठगी करने वाले अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 1 अगस्त से 8 अगस्त 2026 के बीच की गई इस कार्रवाई में साइबर अपराधियों के कब्जे और उनके नेटवर्क से जुड़ी जांच के दौरान 23 लाख 38 हजार 500 रुपये बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही साइबर ठगी से संबंधित शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए 12 लाख 30 हजार 610 रुपये की राशि विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज कराई गई है।
उन्होंने आगे बताया कि एक सप्ताह के दौरान फरीदाबाद पुलिस के तीनों साइबर थानों की टीमों ने 7 अलग-अलग मामलों में 35 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। जिनमें साइबर थाना एनआईटी के 3, साइबर थाना सेंट्रल के 2 तथा साइबर थाना बल्लभगढ़ के 2 मामले शामिल हैं।
पुलिस टीमों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ठगी से संबंधित रकम की बरामदगी के साथ-साथ साइबर अपराध में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों एवं अन्य माध्यमों की भी जांच की। पुलिस का उद्देश्य साइबर ठगी करने वाले आरोपियों तक पहुंचने के साथ-साथ उनके पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर उसके खिलाफ कार्रवाई करना है।
साइबर थानों की टीमों द्वारा केवल गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी गई, बल्कि आमजन से प्राप्त साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों पर भी तेजी से कार्रवाई की गई। इस दौरान 384 शिकायतों का निस्तारण करते हुए कुल 12,30,610 रुपये की ठगी की राशि खातों में फ्रीज कराई गई।