वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

गोलीबारी की घटना को लेकर तीन गिरफ्तार

प्रकाशित: 02-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
वीर अर्जुन संवाददाता
नई दिल्ली। उत्तर पश्चिम दिल्ली में एक झुग्गी पर कथित रूप से गोलीबारी करने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिसमें वारदात का मुख्य साजिशकर्ता भी शामिल है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस की एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना की वजह एक लड़की को लेकर पुरानी दुश्मनी थी। उत्तर पश्चिम दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आकांक्षा यादव ने बताया कि आरोपियों की पहचान राजेश उर्फ काना (30), रोहित उर्फ समोसा (23) और नितीन के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपी राजेश उर्फ काना एवं रोहित उर्फ समोसा आदतन अपराधी हैं तथा हत्या, हत्या के प्रयास एवं शस्त्र अधिनियम के कुल पांच मामलों में संलिप्त रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, राजेश का शिकायतकर्ता देव उर्फ काके के भाई अर्जुन के साथ उसी इलाके में रहने वाली एक लड़की को लेकर विवाद है। राजेश ने कथित तौर पर देव और उसके भाई को धमकी दी थी। पुलिस ने बताया कि सोमवार को राजेश के तीन सहयोगी कथित तौर पर उत्तर पश्चिमी दिल्ली के सत्संग कॉलोनी में देव की झुग्गी गए और अर्जुन के बारे में पूछा। पुलिस के अनुसार, जब देव ने अर्जुन के बारे में जानकारी होने से इनकार किया तो उन्होंने झुग्गी पर कथित रूप से दो गोलियां चलाईं और ईंटों और बोतलों से हमला किया तथा भाग गए। यादव ने बताया कि घटना में कोई जख्मी नहीं हुआ है और इस बाबत अशोक नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने कहा कि लगातार तकनीकी निगरानी एवं मानवीय सूचना जुटाने के बाद आरोपियों को बुराड़ी के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी के मुताबिक, वारदात में प्रयुक्त कार भी आरोपी राजेश की निशानदेही पर बरामद कर ली गई।