वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

रोहिणी में लूट के दौरान बुजुर्ग की हत्या, भांजी समेत तीन गिरफ्तार

प्रकाशित: 03-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
वीर अर्जुन संवाददाता
नई दिल्ली, (भाषा)। दिल्ली पुलिस ने रोहिणी इलाके में एक घर में लूटपाट के दौरान 60 वर्षीय व्यक्ति की हत्या करने के आरोप में मृतक की भांजी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान बुराड़ी निवासी सिमरन तनेजा (23), चिराग (22) और पारस (19) के रूप में हुई है जबकि उनका एक साथी फरार है। पुलिस ने बताया कि सिमरन तनेजा प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका है और मृतक की भांजी है तथा वह अपराध की कथित मुख्य साजिशकर्ता भी है। पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आया कि तनेजा को पता चला था कि पीड़ित ने हाल में 75 लाख रुपये की संपत्ति बेची है। रोहिणी के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) शशांक जायसवाल के मुताबिक, मंगलवार रात 8:14 बजे दक्षिण रोहिणी थाने को रोहिणी के सेक्टर-3 स्थित एक मकान में लूट और एक व्यक्ति के अचेत पड़े होने की सूचना दी गई। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर और जयपुर गोल्डन अस्पताल पहुंची, जहां परिजनों द्वारा लाए गए राकेश खन्ना को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वह शेयर बाजार में निवेश का काम करते थे। डीसीपी ने बताया कि घटनास्थल की जांच, एफएसएल और अपराध टीम के निरीक्षण से पता चला कि मंगलवार शाम लगभग 7:30 बजे तीन व्यक्ति घर में घुसे थे, जबकि उनका एक साथी बाहर निगरानी कर रहा था। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले 30 अगस्त को इलाके की रेकी की थी। अधिकारी के अनुसार, आरोपियों ने अपनी पिछली रेकी के दौरान भी लूट की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया था लेकिन असफल रहे, लेकिन उन्होंने मंगलवार को साजिश को अंजाम दिया। अधिकारी ने कहा कि तनेजा ने अन्य आरोपियों के घर में प्रवेश दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डीसीपी ने कहा कि बुराड़ी की रहने वाली तनेजा, खन्ना की पत्नी और अपनी मां को पश्चिम विहार में एक मेले में ले गई जिससे उनके मौसा घर पर अकेला रह गये। उन्होंने कहा कि बाद में वह एक ऑटोरिक्शा में घर पहुंची और ऊपर चली गई, और खन्ना से दरवाजा खोलने के लिए कहा, जिसके बाद अन्य आरोपी अंदर आ गए। जायसवाल ने बताया कि आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट, टोपी और मास्क पहन रखा था।
डीसीपी ने कहा कि घर में घुसने के बाद, उन्होंने खन्ना को पकड़ लिया और शोर मचाने से रोकने के लिए उसका मुंह दबा दिया जिससे वह बेहोश हो गया और बाद में उनकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया, शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं थे। पुलिस ने बताया कि घर से लगभग 1.5 लाख रुपये नकद और सोने के कुछ गहने लूटे गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 70 हजार रुपये नकद और चोरी के कुछ गहने बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार, इस संबंध में दक्षिण रोहिणी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), (हत्या) 309(4)(लूट) और 3(5)(साझा मंशा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने कहा कि एक आरोपी हिमांशु फरार है और उसे गिरफ्तार करने की कोशिश से जारी है। पुलिस ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।