वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

पंजाब में ‘कैश फॉर ट्रांसफर' का खेल, भाजपा ने मान से मांगा इस्तीफा

प्रकाशित: 03-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
वीर अर्जुन संवाददाता
नई दिल्ली। पंजाब में अधिकारियों के तबादले और तैनाती में कथित भ्रष्टाचार को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा ने दावा किया है कि राज्य में वरिष्ठ आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के तबादले ‘रेट कार्ड' के आधार पर किए जा रहे हैं। पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान के तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए सीबीआई जांच की मांग की है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान के इशारे पर ‘कैश फॉर ट्रांसफर' का कथित खेल चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच के दौरान तबादलों और तैनातियों से जुड़े कई तथ्य सामने आए हैं। भाटिया ने मुख्यमंत्री के ओएसडी की कथित भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि क्या कोई ओएसडी मुख्यमंत्री की जानकारी के बिना 20 से अधिक आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के तबादले करा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसा मुख्यमंत्री की अनुमति के बिना संभव नहीं है। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि मामले में बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद पंजाब पुलिस संबंधित लोगों को बचाने के लिए प्राथमिकी दर्ज नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से मामले की जांच कराई जानी चाहिए। भाटिया ने कहा कि जब तक भगवंत मान मुख्यमंत्री के पद पर बने रहेंगे, तब तक इस मामले की निष्पक्ष जांच संभव नहीं है। इसलिए भाजपा मांग करती है कि मान तत्काल मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दें, ताकि जांच किसी राजनीतिक दबाव के बिना आगे बढ़ सके।