वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

गत चैंपियन मध्य क्षेत्र को हराकर पूर्व क्षेत्र दलीप ट्रॉफी के फाइनल में

प्रकाशित: 02-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
बेंगलुरु, (भाषा)। बंगाल के तेज गेंदबाजों मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार की धारदार गेंदबाजी के बाद वैभव सूर्यवंशी की तेजतर्रार पारी के दम पर पूर्व क्षेत्र ने मंगलवार को यहां सेमीफाइनल के तीसरे दिन गत चैंपियन मध्य क्षेत्र को चार विकेट से हराकर दलीप ट्रॉफी के फाइनल में प्रवेश किया।
पूर्व क्षेत्र के सामने फाइनल में दक्षिण क्षेत्र या उत्तर क्षेत्र की चुनौती होगी। फाइनल मुकाबला छह सितंबर से चेपक (चेन्नई) में खेला जाएगा। शमी और मुकेश ने सात विकेट आपस में साझा करते हुए मध्य क्षेत्र की दूसरी पारी को 158 रन पर समेट दिया। पूर्व क्षेत्र ने इसके बाद छह विकेट गंवाने के बावजूद 159 रन के लक्ष्य को हासिल कर लिया। स्पिनरों के लिए लगातार मददगार होती जा रही पिच पर 159 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पूर्व क्षेत्र के लिए ठोस शुरुआत करना बेहद जरूरी था। सूर्यवंशी (40 रन, 43 गेंद) ने दो अलग-अलग अंदाज वाली पारी खेली। उन्होंने शुरुआती 15 रन 30 गेंदों में बनाए, जो पहली पारी में 42 गेंदों पर बनाए गए उनके अर्धशतक के बिल्कुल विपरीत था। इस दौरान उन्होंने तेज गेंदबाज आर्यन पांडे की गेंद पर सिर्फ एक छक्का लगाया। इसके बाद उन्होंने महज 13 गेंदों में 25 रन बटोर लिए, जिसमें एक और छक्का और तीन चौके शामिल थे। उनके सलामी जोड़ीदार अभिमन्यु ईश्वरन ने शुरुआत में उनसे तेज गति से रन बनाए। उन्होंने ऑफ स्पिनर सारांश जैन की गेंद को लॉन्ग-ऑन के ऊपर से छक्का लगाकर अपना खाता खोला।
सूर्यवंशी ने पारी के 14वें ओवर में यश ठाकुर के खिलाफ तीन चौके और एक छक्का लगाया, लेकिन इस 15 वर्षीय बल्लेबाज ने इसी ओवर में एक और बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में अपना विकेट गंवा दिया। कप्तान रजत पाटीदार ने दौड़ते हुए शानदार कैच लपककर उनकी पारी का अंत किया। सूर्यवंशी के आउट होते ही पूर्व क्षेत्र की पारी पर जैसे सन्नाटा छा गया।