वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

पूरा हुआ विश्व विजयी अभियान, टीम इंडिया फिर बनी टी-20 की सुल्तान

प्रकाशित: 09-03-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
पूरा हुआ विश्व विजयी अभियान, टीम इंडिया फिर बनी टी-20 की सुल्तान
भारतीय टीम ने इतिहास रच दिया है. वह टी20 वर्ल्ड के खिताब को तीन बार अपने नाम करने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है. आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला आठ मार्च को भारत और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया. जहां भारतीय टीम 96 रनों के बड़े अंतर से जीत हासिल करने में कामयाब रही. भारत की तरफ से जीत के लिए मिले 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए कीवी टीम की शुरूआत कुछ खास नहीं रही. तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर ही फिन एलन (09) आउट हो गए. इसके बाद कीवी टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए. हालांकि, इस बीच टिम साइफर्ट एक छोर पर बने रहे और लड़ाई जारी रखी. मगर दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिल पाने की वजह से उनका धैर्य भी जवाब दे गया. पांचवें बल्लेबाज के रूप में वह आउट हुए. आउट होने से पूर्व उन्होंने पारी का आगाज करते हुए कुल 26 गेंदों का सामना किया. इस बीच 200.00 की स्ट्राइक रेट से वह 52 रन बनाने में कामयाब रहे.
कैप्टन मिचेल सैंटनर ने हार में दिखाया हौसला
न्यूजीलैंड की तरफ से लक्ष्य का पीछा करते हुए साइफर्ट के अलावा कैप्टन मिचेल सैंटनर ही कुछ देर तक क्रीज पर टिक पाए. सातवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने कुल 35 गेंदों का सामना किया. इस बीच 122.85 की स्ट्राइक रेट से 43 रन बनाने में कामयाब रहे. इस दौरान उनके बल्ले से तीन चौके और दो छक्के देखने को मिले. लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी कीवी टीम 19 ओवरों में 159 रनों पर ढेर हो गई.
जसप्रीत बुमराह ने चटकाए सर्वाधिक तीन विकेट
भारत की तरफ से फाइनल मुकाबले में जसप्रीत बुमराह सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने टीम के लिए कुल चार ओवरों की गेंदबाजी की. इस बीच 3.75 की इकॉनमी से 15 रन खर्च करते हुए चार विकेट चटकाने में कामयाब रहे. उनके अलावा अक्षर पटेल ने तीन और हार्दिक पंड्या, वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा के खाते में क्रमशः एक-एक विकेट आए.
255 रन बनाने में कामयाब हुई थी भारत
इससे पहले अहमदाबाद में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाने में कामयाब हुई थी. पारी का आगाज करते हुए संजू सैमसन एक बार फिर से सर्वोच्च स्कोरर रहे. जिन्होंने 46 गेंदों में 193.47 की स्ट्राइक रेट से 89 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से पांच चौके और आठ खूबसूरत छक्के देखने को मिले.
ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने भी लूटी महफिल
फाइनल मुकाबले में सैमसन ही नहीं ईशान किशन और अभिषेक शर्मा का बल्ला भी खूब चला. पारी का आगाज करते हुए अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 247.61 की स्ट्राइक रेट से 52 और ईशान किशन ने तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 216.00 की स्ट्राइक रेट से 54 रनों का योगदान दिया. आखिरी के ओवरों में शिवम दुबे ने आठ गेंद में तेजी से नाबाद 26 रन बनाए.
सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या का नहीं चला बल्ला
भारतीय क्रिकेट प्रेमियों को फाइनल मुकाबले में कप्तान सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या से एक आतिशी पारी की उम्मीद थी. मगर ये दोनों बल्लेबाज फ्लॉप रहे. पांचवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए सूर्यकुमार यादव खाता भी नहीं खोल पाए, जबकि हार्दिक पंड्या 13 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए.
जिमी नीशम ने चटकाए तीन विकेट
न्यूजीलैंड की तरफ से फाइनल मुकाबले में सबसे सफल गेंदबाज जिमी नीशम रहे. जिन्होंने चार ओवरों की गेंदबाजी करते हुए 11.50 की इकॉनमी से 46 रन खर्च करते हुए सर्वाधिक तीन सफलता प्राप्त की.
नीशम के शिकार संजू सैमसन (89), ईशान किशन (54) और सूर्यकुमार यादव (00) बने. उनके अलावा रचिन रविंद्र ने अभिषेक शर्मा (52) और मैट हेनरी ने हार्दिक पंड्या को अपने जाल में फंसाया.