वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

उत्सव के रंग में किसी ने भंग डाला तो वर्तमान तो जाएगा ही, भविष्य भी स्वाहा हो जाएगा: योगी

प्रकाशित: 07-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
उत्सव के रंग में किसी ने भंग डाला तो वर्तमान तो जाएगा ही, भविष्य भी स्वाहा हो जाएगा: योगी
गोंडा (उप्र), (भाषा)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को चेतावनी देते हुए कहा कि उत्सव के रंग में अगर किसी ने भंग डालने का काम किया तो उसका वर्तमान तो जाएगा ही, भविष्य भी स्वाहा हो जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोंडा में 516 करोड़ रुपये की 262 परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, 2015-16 में गोंडा में दुर्गा पूजा में दंगे का प्रयास हुआ था और मां दुर्गा की प्रतिमा को विसर्जित करने नहीं दिया जाता था। उन्होंने कहा, रामलीला में अड़चन डाली जाती थी। उत्सव प्रारम्भ होने से पहले उपद्रव शुरू हो जाते थे। बेटी, व्यापारी सुरक्षित नहीं थे और 2017 से पहले सत्ता में बै"s लोग पेशेवर गुंडों को शरण देते थे और प्रदेश में महीनों कर्फ्यू रहता था। योगी ने 2017 के बाद अपनी सरकार की उपलब्धियों की चर्चा की और चेतावनी भरे लहजे में कहा, उत्सव के रंग में किसी ने भंग डालने का काम किया तो, वर्तमान तो जाएगा ही, उसका भविष्य भी स्वाहा हो जाएगा। योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा, गोंडा का विकास तुष्टीकरण, अराजकता, भाई-भतीजावाद और जातिवाद की भेंट चढ़ गया था। उन्होंने अपनी सरकार में सबके लिए समान व्यवहार का जिक्र करते हुए कहा, हर पात्र व्यक्ति चाहे वह किसी जाति, मत-संप्रदाय का हो, अगर वह पात्रता की श्रेणी में आता है तो उसके साथ कोई भेदभाव नहीं होगा। मुख्यमंत्री ने लोगों को आगाह किया, अगर आप अच्छे लोगों और अच्छी सरकार को चुनते हैं तो परिणाम अच्छे होंगे। गलत लोग चुनोगे तो उसके खामियाजे से कोई बचा नहीं पाएगा। उन्होंने 2017 से पहले के दौर पर निशाना साधते हुए कहा कि तब विकास एक गांव तक ही सीमित रह जाता था, सब कुछ वहीं होता था।योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने मेडिकल कॉलेज बनवाते समय भेदभाव नहीं किया। उन्होंने कहा, जब मेडिकल कॉलेज बनाने थे तो हमने यह नहीं कहा कि वे सैफई में बनेंगे। हमने कहा कि वे गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, अयोध्या और बस्ती में बनेंगे। अयोध्या का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब तो श्री अयोध्या धाम में राम भक्त के अलावा कोई रामद्रोही घुस ही नहीं सकता... अयोध्या में ऐसी व्यवस्था की गई है।
आज अयोध्या चमक रही है और हर व्यक्ति जो वहां जाता है गौरव की अनुभूति करता है।