वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

कांवड़ यात्रा: पांचवें दिन 18,019 शिवभक्तों का निशुल्क उपचार, अब तक 65,971 श्रद्धालुओं को मिली स्वास्थ्य सेवाएं

प्रकाशित: 05-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
हरिद्वार,(वीअ)। पवित्र श्रावण कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहे हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में कांवड़ पटरी मार्ग सहित जनपद के 32 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर संचालित किए जा रहे हैं, जहां शिवभक्तों को किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या अथवा चोट लगने पर तत्काल निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर. के. सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के पांचवें दिन 18,019 शिवभक्तों का विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों में निशुल्क उपचार किया गया। इसके साथ ही अब तक 65,971 शिवभक्तों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा निशुल्क चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं।उन्होंने बताया कि इस वर्ष पहली बार कांवड़ यात्रा में चार मेडिकल मोबाइल यूनिट भी तैनात की गई हैं, जो यात्रा मार्ग पर लगातार भ्रमण कर आवश्यकता पड़ने पर मौके पर ही चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा रही हैं।इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अलकनंदा होटल के समीप मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता कांवड़ यात्रा पर आने वाले प्रत्येक शिवभक्त की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा यात्रा मार्ग पर स्थापित शिविरों एवं मोबाइल चिकित्सा इकाइयों के माध्यम से श्रद्धालुओं को त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, पैरामिलिट्री बल एवं स्वयंसेवी संस्थाएं समन्वित रूप से दिन-रात कार्य कर रही हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर. के. सिंह ने कांवड़ यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, समय-समय पर विश्राम करें तथा स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या की स्थिति में निकटतम स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार अवश्य प्राप्त करें। जनपद प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध हैं।