मसूरी-देहरादून मार्ग छोटे वाहनों के लिए खुला
प्रकाशित: 22-07-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
मसूरी,(वीअ)। मसूरी देहरादून मार्ग पर पानी वाले बैंड में रोड का हिस्सा ढह जाने से क्षेत्र में लगातार खतरा बना है। एसडीएम के आदेश पर रात को रोड बंद कर दिया गया था, लेकिन मंत्री गणेश जोशी ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि रात भर कार्य किया जाय व रोड को हर हाल में खोला जाय जिस पर पूरी रात लोनिवि के कर्मचारी मौके पर रहे व जेसीबी लगाकर पहाड़ी का हिस्सा काटा गया व रोड को वाहनों के लिए खोला जा सका। हालांकि मौके पर मांर्ग संकरा होने पर छोटे वाहनों की ही आवाजाही जारी है लेकिन बड़े वाहनों को नहीं आने दिया जा रहा है वहीं रोडवेज की बसे भी बंद कर दी गयी है व उनका कहना है कि जिला प्रशासन के निर्देश आने पर ही बसें संचालित की जायेंगी। मौके पर पुलिस मौजूद है व लोगों को किमाड़ी मार्ग से मसूरी आने के लिए भी कहा जा रहा है। लेकिन इस मार्ग पर भी रोड की हालात खराब है स्थान स्थान पर मलवा आ रहा है व लगातार बीच बीच में मलवा आने से बंद हो रही है लेकिन वहीं लोनिवि की जेसीबी मौके पर है ताकि रोड बंद न हो व जहां से भी सूचना मिल रही है कि मलवा गिर गया जेसीबी तत्काल मौके पर पहुंच कर मलवे को हटा कर यातायात सुचारू करने में जुटी है। पानी वाला बैंड के समीप मसूरी-देहरादून मार्ग का एक हिस्सा धंस जाने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क धंसने के कारण कई घंटों तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही और लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा। रोड के दोनों ओर वाहनों का जमावड़ा लगने से जाम लग रहा है। बताया जा रहा है कि यह सड़क कुछ ही महीने पहले आपदा के बाद दोबारा बनाई गई थी, लेकिन पहली ही बड़ी बारिश में सड़क धंस जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए है। पूर्व पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने लोक निर्माण विभाग पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए उन्होंने कहा कि पिछली आपदा के बाद इस सड़क के निर्माण में भारी अनियमितताएं हुईं, जिसके कारण महज छह महीने में ही सड़क ध्वस्त हो गई।