वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

प्रधानमंत्री कार्नी की लिबरल पार्टी ने तीन विशेष उपचुनावों में शानदार जीत दर्ज की

प्रकाशित: 02-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
टोरंटो, (एपी) कनाडा में प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की लिबरल पार्टी ने सोमवार को हुए तीन विशेष उपचुनावों में शानदार जीत दर्ज की। इन नतीजों से संकेत मिला कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव के सामने कनाडा के हितों के लिए मजबूती से खड़े होने को लेकर मतदाताओं ने कार्नी का समर्थन किया है। कनाडा की राष्ट्रीय समाचार एजेंसी 'द कैनेडियन प्रेस' ने क्यूबेक के चिकोटीमी-ले फ्योर्ड, टोरंटो के बीचेज-ईस्ट यॉर्क और ब्रिटिश कोलंबिया के नॉर्थ वैंकूवर-कैपिलानो में लिबरल उम्मीदवारों की जीत का अनुमान जताया। इन तीन सीटों पर विशेष उपचुनाव इसलिए कराए गए क्योंकि इन सीटों का प्रतिनिधित्व करने वाले पूर्व सांसदों ने इस साल की शुरुआत में संसद से इस्तीफा दे दिया था। कार्नी ने नतीजों को अपनी सरकार की नीतियों पर जनता की मुहर बताया। उन्होंने कहा कि मौजूदा महत्वपूर्ण दौर में मतदाताओं ने उनकी सरकार की योजनाओं पर भरोसा जताया है। क्यूबेक का नतीजा सबसे बड़ा राजनीतिक बदलाव रहा। लिबरल उम्मीदवार डेनियल गोबेइल ने उस सीट पर बड़ी जीत हासिल की, जिस पर 2018 से विपक्षी कंजर्वेटिव पार्टी का कब्जा था। यह क्षेत्र एल्युमिनियम उत्पादकों, डेयरी फार्म और अन्य उद्योगों का केंद्र है, जो अमेरिका-कनाडा के बढ़ते व्यापार युद्ध से प्रभावित हैं। अन्य दो सीटें पहले लिबरल पार्टी के पास थीं। ब्रिटिश कोलंबिया में कार्नी के पूर्व डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ ब्रेडन कैली ने नॉर्थ वैंकूवर-कैपिलानो सीट जीती। अमेरिका-कनाडा व्यापार वार्ता 21 अगस्त को विफल हो गई थी। इसके बाद ट्रंप ने करीब 20 अरब डॉलर के कनाडाई सामान पर 50 प्रतिशत शुल्क लगा दिया। कनाडा ने भी अमेरिकी उत्पादों पर शुल्क लगाने की योजना बनाई।