वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

भारतीय राजदूत क्वात्रा ने अमेरिकी सांसद हुइजेंगा से की मुलाकात

प्रकाशित: 03-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
वाशिंगटन, (भाषा)। अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने रिपब्लिकन पार्टी से सांसद बिल हुइजेंगा से मुलाकात की और उन्हें ऊर्जा आपूर्ति के स्रोतों में विविधता लाने की नई दिल्ली की पहल तथा रक्षा और व्यापार जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय साझेदारी के बारे में जानकारी दी। क्वात्रा ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''दक्षिण और मध्य एशिया पर सदन की विदेश मामलों की समिति की उपसमिति के अध्यक्ष सांसद बिल हुइजेंगा के साथ सार्थक बातचीत हुई।'' भारतीय राजदूत ने हुइजेंगा के साथ भारत-अमेरिका साझेदारी से जुड़े हालिया घटपाम और प्रगति पर विचार विमर्श किया। इसमें रक्षा, व्यापार और प्रौद्योगिकी सहयोग जैसे क्षेत्र शामिल रहे। क्वात्रा ने कहा, ''मैंने ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में हमारी बढ़ती साझेदारी, जिसमें आपूर्ति के स्रोतों में विविधता लाना शामिल है, और क्षेत्रीय मुद्दों पर हमारे बढ़ते सहयोग के बारे में उन्हें जानकारी दी। साथ ही दोनों देशों के बीच संबंधों के लिए अमेरिकी कांग्रेस में द्विदलीय समर्थन को मजबूत करने में उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया।'' ईरान युद्ध के कारण खाड़ी देशों से होने वाली ऊर्जा आपूर्ति में बाधाओं के बीच अमेरिका भारत के लिए तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) और तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) के एक प्रमुख आपूर्तिकर्ता के रूप में उभरा है।