वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

भारत ने चीन, जापान, रूस से हॉट रोल्ड स्टील आयात की डंपिंग रोधी जांच शुरू की

प्रकाशित: 27-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली, (भाषा)। भारत ने चीन, जापान और रूस से कुछ हॉट रोल्ड स्टील उत्पादों के सस्ते आयात के खिलाफ डंपिंग रोधी जांच शुरू की है। वाणिज्य मंत्रालय की एक अधिसूचना में यह जानकारी दी गई।
यह जांच जेएसडब्ल्यू स्टील लिमिटेड, जेएसडब्ल्यू विजयनगर मेटालिक्स लिमिटेड और जिंदल स्टील ओडिशा लिमिटेड की ओर से दायर आवेदन के बाद शुरू की गई है। आवेदकों का आरोप है कि चीन, जापान और रूस से निर्यात किए जा रहे मिश्रधातु या गैर-मिश्रधातु इस्पात के हॉट रोल्ड फ्लैट उत्पाद डंपिंग कीमतों पर भारत में आयात किए जा रहे हैं, जिससे घरेलू उद्योग को गंभीर नुकसान हो रहा है। इन उत्पादों का उपयोग मोटर वाहनों, तेल एवं गैस पाइपलाइनाअन्वेषण, कोल्ड रोल्ड स्टील उत्पाद, पाइप विनिर्माण, सामान्य इंजीनियरिंग एवं फैब्रिकेशन, निर्माण, पूंजीगत सामान व सीमेंट, उर्वरक और रिफाइनरी उद्योगों के प्रसंस्करण में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों तथा क्रेन जैसी भारी मशीनों में किया जाता है। व्यापार उपचार महानिदेशालय (डीजीटीआर) जांच के तहत 2022 से 2025 तक के आयात आंकड़ों पर गौर करेगा। डीजीटीआर ने कहा कि उसके प्रारंभिक निष्कर्षों से पता चला है कि इन उत्पादों का निर्यात उनकी सामान्य कीमत से काफी कम मूल्य पर किया जा रहा है। सामान्य मूल्य और निर्यात मूल्य के बीच का अंतर (जिसे डंपिंग मार्जिन कहा जाता है) न्यूनतम सीमा से अधिक और इन देशों के निर्यात के मामले में काफी अधिक पाया गया है। उसने कहा कि प्रथम दृष्टया पर्याप्त साक्ष्य हैं कि इन देशों के निर्यातक भारतीय बाजार में इस उत्पाद की डंपिंग कर रहे हैं।