वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

अपनी तेरहवीं के अगले दिन जिंदा घर लौटा व्यक्ति, मामले की जांच फिर से शुरू

प्रकाशित: 27-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
गाजियाबाद (वीअ)। गाजियाबाद में एक व्यक्ति को उसके परिवार ने एक अज्ञात शव की पहचान करने के बाद मृत मान लिया था और उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया था, लेकिन बृहस्पतिवार को तेरहवीं के अगले दिन वह घर लौट आया।अब पुलिस को मामले की जांच फिर से शुरू करनी पड़ी है।पुलिस के मुताबिक, वैशाली के कल्पना अपार्टमेंट के निवासी गिरधर सिंह बिष्ट को 16 मई को कुछ स्थानीय दुकानदारों के साथ विवाद के बाद शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और जेल भेज दिया गया था।बिष्ट 21 मई को जमानत पर डासना जेल से रिहा हुआ लेकिन घर नहीं लौटा। काफी खोजबीन करने के बाद जब उसका पता नहीं चला तो उसके परिवार ने मसूरी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।जांच के दौरान पुलिस को एक अज्ञात शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान परिवार के सदस्यों ने बिष्ट के रूप में की।शव का पोस्टमार्टम किया गया और परिवार की शिकायत पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।बाद में शव परिवार को सौंप दिया गया। परिवार ने उसका अंतिम संस्कार किया और 24 जून को तेहरवीं का कार्यक्रम किया।सहायक पुलिस आयुक्त (इंदिरापुरम) अभिषेक श्रीवास्तव ने कहा कि बिष्ट बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे अपने आवास पर लौट आया।