वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

अच्छा दूध देने वाली मुर्रा भैंसों का ईनाम के लिए पशु पालन विभाग ने किया चयन

प्रकाशित: 27-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
फरीदाबाद,(सुनील शर्मा)। मुर्रा नस्ल की भैंस पालने वाले पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पशुपालन विभाग द्वारा 18 किलो से ऊपर दूध देने वाली मुर्रा भैंसों की दूध रिकॉर्डिंग करवाई जा रही है तथा अच्छा दूध देने वाली मुर्रा भैंसों का ईनाम के लिए चयन किया जा रहा है। मुर्रा विकास योजना के तहत पशुपालन विभाग द्वारा गांव फज्जूपुर, नीमका में अच्छी नस्ल की मुर्रा भैंसों की दुग्ध प्रतियोगिता करवाई गई। हर्ष नागर पुत्र श्री जसराम की दो मुर्रा भैंसों का ईनाम के लिए चयन किया गया। पशुपालन विभाग के उपमंडल अधिकारी फरीदाबाद डॉक्टर सचिन धनखड़ के निर्देश अनुसार दुग्ध प्रतियोगिता आयोजित की गई। दुग्ध प्रतियोगिता के बारे में जानकारी देते हुए राजकीय पशु औषधालय के प्रभारी वीएलडीए राजबेल देशवाल ने बताया कि हरियाणा सरकार एवं पशुपालन विभाग द्वारा अच्छी नस्ल की मुर्रा भैंसों की दूध प्रतियोगिता आयोजित करके पशुपालकों को ईनामी राशि देने का प्रावधान है। गांव फज्जूपुर नीमका के पशुपालक हर्ष नागर की दो मुर्रा भैंसों की दूध रिकॉर्डिंग लगातार तीन दिन तक की गई। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से दूध की नापतोल की गई तथा औसत के आधार पर एक मुर्रा भैंस ने 21 किलो और दूसरी भैंस ने 19 किलो दूध रिकॉर्ड किया। दोनों मुर्रा भैंसों का 20-20 हजार रुपए के ईनाम के लिए चयन किया गया तथा पशुपालक हर्ष नागर को दोनों मुर्रा भैंसों के लिए 40000 का ईनाम मिलेगा।
गौरतलब है कि पशुपालन विभाग 18 किलो से 22 किलो तक दूध देने वाली मुर्रा भैंस को 20000 की प्रोत्साहन राशि 22 किलो से 25 किलो तक दूध देने वाली भैंस को 30000 की प्रोत्साहन राशि तथा 25 किलो से ऊपर दूध देने वाली मुर्रा भैंस के मालिक को 30000 की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।