वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

शेयर कीमत पर नहीं, कारोबार वृद्धि और लाभप्रदता पर ध्यान दें कंपनियां: एनएसई प्रमुख

प्रकाशित: 27-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
मुंबई, (भाषा)। एनएसई के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आशीष चौहान ने शुक्रवार को कहा कि कंपनियों को केवल शेयर कीमत बढ़ाने की दौड़ में शामिल होने के बजाय टिकाऊ कारोबार खड़ा करने, लाभप्रदता बढ़ाने और दीर्घकालिक मूल्य सृजन पर ध्यान देना चाहिए।
चौहान ने यहां जेआईटीओ इन्क्यूबेशन एंड इनोवेशन फाउंडेशन (जेआईआईएफ) के नौवें स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि किसी कंपनी का बाजार मूल्यांकन उसके कारोबार के प्रदर्शन और वृद्धि को दर्शाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उद्यमियों का उद्देश्य कारोबार का विस्तार करना और मजबूत बुनियादी आधार के जरिए शेयरधारकों के लिए मूल्य सृजित करना होना चाहिए। एनएसई के सीईओ ने कहा, wअगर कंपनी का मुनाफा बढ़ेगा तो उसके शेयर का मूल्य भी बढ़ेगा। वास्तविक कारोबारी वृद्धि के बिना मूल्य में लगातार बढ़ोतरी संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि उद्यमियों को बाजार के रुझानों या प्रतिस्पर्धियों के दबाव से प्रभावित होने के बजाय अपने मूल कारोबार पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। जो कंपनियां लगातार वृद्धि करती हैं और बेहतर प्रदर्शन करती हैं, उन्हें अंतत: बाजार में पहचान मिलती है। चौहान ने कहा कि सार्वजनिक बाजार लाभ कमाने वाली कंपनियों को ऐसा मूल्यांकन देते हैं, जिसकी बराबरी निजी बही खाता नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि यदि कोई कंपनी सालाना दो करोड़ रुपये का मुनाफा कमा रही है तो सूचीबद्ध होने के बाद उसका बाजार पूंजीकरण 40 से 50 करोड़ रुपये तक हो सकता है।