वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

नहीं रहे मशहूर एक्टर भरत कपूर, 80 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

प्रकाशित: 28-04-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नहीं रहे मशहूर एक्टर भरत कपूर, 80 साल की उम्र में ली आखिरी सांस
बॉलीवुड के जाने-माने वरिष्ठ अभिनेता भरत कपूर अब इस दुनिया में नहीं रहे. उनका 80 साल की उम्र में निधन हो गया है.उनके निधन की खबर सामने आते ही फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है.रिपोर्ट्स के मुताबिक, भरत कपूर पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे.बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत पिछले तीन दिन से ज्यादा खराब थी और वे घर पर ही थे.इससे पहले उनका इलाज अस्पताल में भी चल रहा था.अभिनेता अवतार गिल ने उनके निधन की पुष्टि की.उन्होंने बताया कि भरत कपूर की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और सोमवार दोपहर 3.30 बजे के करीब उन्होंने अंतिम सांस ली
कई दशकों तक की एक्टिंग
भरत कपूर का अंतिम संस्कार शाम करीब 7 बजे मुंबई में किया गया. उनकी प्रार्थना सभा 30 अप्रैल की रखी गई है. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि उनका निधन उम्र से जुड़ी बीमारियों और मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर की वजह से हुआ. भरत कपूर ने अपने करियर में कई दशकों तक फिल्म, टेलीविजन और थिएटर में काम किया.वे खास तौर पर अपने मजबूत किरदारों और अभिनय के लिए जाने जाते थे.
यादगार फिल्में
भरत कपूर ने अपने लंबे करियर में इंडस्ट्री को कई यादगार भूमिकाएं दीं और एक अलग पहचान बनाई.उन्होंने अपने करियर की शुरुआत साल 1972 में फिल्म जंगल में मंगल से की थी. इस फिल्म में उन्होंने एक पुलिस ऑफिसर का रोल किया था. इसके बाद भरत कपूर को राम बलराम, बुलंदी, बाजार, आखिरी रास्ता और खुदा गवाह जैसी कई फिल्मों में देखा गया था. उन्होंने कई टीवी सीरियल में भी काम किया था.