वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

किसान हमारे अन्नदाता है: डा. अर्चना गुप्ता

प्रकाशित: 17-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
चंडीगढ़, (पवन आश्री)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का जींद पहुंचने पर कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, नेताओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार जींद आगमन पर जिले भर में अनेक स्वागत कार्पाम आयोजित किए गए। विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर, मालाएं पहनाकर तथा ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच उनका भव्य स्वागत किया। भाजपा जिला कार्यालय पहुंचने पर ज़िला अध्यक्ष तेजेन्द्र ढुल्ल, मंत्री कृष्ण बेदी, डिप्टी स्पीकार कृष्ण मिड्डा, ज़िला प्रभारी मदन लाल गोयल, सफीदों विधायक रामकुमार गौतम, विधायक देवेन्द्र अत्री, मुख्यमंत्री के मीडिया कोर्डिनेटर अशोक छाबड़ा सहित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने इस दौरान भारत माता की जय, मोदी नायब जिंदाबाद, अर्चना गुप्ता जिंदाबाद तथा भाजपा जिंदाबाद के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
अपने स्वागत से गदगद हुई डॉ. अर्चना गुप्ता ने सभी कार्यकर्ताओं, नेताओं और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें मिला यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि भाजपा के प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता का सम्मान है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है और उसी की मेहनत, तपस्या तथा समर्पण के कारण भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य भी कर रहे हैं।
कार्यकर्ता गरीब, जरूरतमंद और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सेतु की भूमिका निभा रहे हैं। यही कारण है कि भाजपा का संगठन गांव-गांव और घर-घर तक मजबूत हुआ है।
किसानों के हित में लगातार काम कर रही मोदी और नायब सरकार
कार्पाम को संबोधित करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि जींद किसानों की धरती है और हरियाणा की पहचान भी किसान और कृषि से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि किसान समृद्ध होगा तो देश समृद्ध होगा। हमारे देश की आत्मा गांवों में बसती है और गांवों की आत्मा किसानों में बसती है। यदि किसान मजबूत होगा तो भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए लगातार योजनाएं बनाकर उन्हें धरातल पर लागू कर रही हैं। सरकार का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और खेती को अधिक लाभकारी बनाना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत करोड़ों किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। सॉयल हेल्थ कार्ड योजना के माध्यम से किसानों को अपनी भूमि की गुणवत्ता की जानकारी मिल रही है, जिससे वे उपयुक्त फसल का चयन कर रहे हैं और उर्वरकों का संतुलित उपयोग कर पा रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य है जहां 24 फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद की जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों से किया गया अपना वादा पूरा किया है और आज प्रदेश में किसानों के दाने-दाने की खरीद सुनिश्चित की जा रही है।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने रासायनिक खादों के कम उपयोग का आह्वान किया है। उसी दिशा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित कर रहे हैं। सरकार किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है और आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है।