वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

राष्ट्रीय गौशाला परिसर मे स्थापित राष्ट्रीय कथा ब्यास का पूज्य स्वामी मुकेश आनंद ने किया उद्घाटन

प्रकाशित: 18-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
लखनऊ,(वीअ)। बंथरा के मेमौरा स्थित ढाखेवीर मंदिर के निकट स्वामी करपात्री राष्ट्रीय गौशाला परिसर में स्थापित आधुनिक सुविधाओं से युक्त एपीएस एकेडमी इंटर कॉलेज (सीबीएसई बोर्ड) का राष्ट्रीय कथा व्यास पूज्य स्वामी मुकेश आनंद महाराज ने बुधवार को उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित शिव-परशुराम कथा के अलावा शिक्षा, संस्कृति और नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला गया। विद्यालय परिवार की ओर से शिव प्रकाश मिश्रा ‘सेनानी', सिंधुजा मिश्रा सेनानी, प्रथमेश प्रकाश मिश्र सेनानी और प्रधानाचार्या प्रीती मिश्रा सेनानी ने मुख्य अतिथि और अन्य विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया। समारोह को संबोधित करते हुए स्वामी मुकेश आनंद महाराज ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन को दिशा देने वाली सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बताते हुए विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ संस्कार ग्रहण करने का संदेश दिया।
राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि शिक्षित समाज ही राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकता है। वहीं विधान परिषद सदस्य एवं पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और चरित्र निर्माण को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। राष्ट्रीय परशुराम परिषद के संस्थापक पंडित सुनील भारद्वाज भराला ने शिक्षा को जिम्मेदार नागरिक और श्रेष्ठ इंसान बनने का माध्यम बताया। अखिल भारतीय श्री चन्द्र दत्त सेनानी स्मारक न्यास के ट्रस्टी अध्यक्ष शिव प्रकाश मिश्रा ‘सेनानी' ने कहा कि शिक्षा का प्रकाश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने बताया कि एपीएस एकेडमी का उद्देश्य आधुनिक शिक्षा, तकनीकी दक्षता, नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति का समन्वित विकास करना है। प्रधानाचार्या प्रीती मिश्रा सेनानी ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ संस्कारों का समावेश भी आवश्यक है। सिंधुजा मिश्रा सेनानी ने विद्यालय की तेलीबाग शाखा द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक और नैतिक विकास संबंधी प्रयासों का उल्लेख करते हुए मेमौरा शाखा के उज्ज्वल भविष्य पर विश्वास जताया।