वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

स्कूटी की सीट का लॉक तोड़कर अस्सी हजार रुपये,मोबाइल और जरुरी दस्तावेज किए चोरी

प्रकाशित: 18-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
लखनऊ,(वीअ)। सरोजनीनगर के ट्रांसपोर्टनगर में मंगलवार को चोरों ने एक स्कूटी की सीट का लॉक तोड़कर उसके नीचे रखे करीब 80 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस दी, पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। कृष्णानगर के सुंदर नगर निवासी गणेश शंकर शर्मा के मुताबिक वह आरटीओ कार्यालय, ट्रांसपोर्ट नगर में संविदा पर काम करते हैं। उनका कहना है कि मंगलवार शाम करीब 7 बजे ट्रांसपोर्ट नगर स्थित न्यू पंजाबी ढाबे के पास अपनी स्कूटी खड़ी कर बैग की मरम्मत कराने एक दुकान पर चले गए। कुछ देर बाद वहाँ से लौट कर स्कूटी उठाई और घर चले गए। लेकिन घर पहुंचने पर स्कूटी से उतरते समय स्कूटी की सीट नीचे गिर गई। बाद में देखा तो सीट का लॉक टूटा होने के साथ सीट के नीचे रखे करीब 80 हजार रुपये नकद, एक कीमती मोबाइल फोन और एक बैग गायब मिला। बैग में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी कागजात रखे थे। जानकारी होने पर गणेश शंकर शर्मा वापस ट्रांसपोर्ट नगर चौकी पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है, लेकिन पीड़ित की तहरीर पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के सहारे मामले की जांच की जा रही है।