वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ की बैठक

प्रकाशित: 18-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
लखनऊ, (वीअ)। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव ने 21 जून को प्रदेश के 59 जनपदों में आयोजित होने वाली नीट परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि लगभग 3.5 करोड़ अभ्यर्थियों की सहभागिता को देखते हुए परीक्षा के आयोजन में पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता बरती जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि एन.टी.ए. के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाएं तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराया जाए।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, प्रमुख चौराहों एवं परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए पर्याप्त पुलिस एवं यातायात बल की व्यवस्था की जाए। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि वय वंदना योजना के अंतर्गत 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी पात्र लाभार्थियों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएं। उन्होंने ई-केवाईसी में नाम असंगति की समस्या के समाधान हेतु डाटा करेक्शन पोर्टल विकसित करने तथा आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं सहित छूटे हुए पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर उनके कार्ड बनवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) एवं मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) इस योजना की नियमित सघनता से समीक्षा करें तथा प्रतिदिन बनने वाले कार्डों की संख्या में वृद्धि सुनिश्चित करें।