वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

ऑपरेशन चक्र: बाहरी दिल्ली में चोरी के 76 वाहन बरामद, 11 वाहन चोर पकड़े गए

प्रकाशित: 19-07-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली , (वीअ)। दिल्ली पुलिस ने बाहरी जिले में वाहन चोरी के खिलाफ 72 घंटे का एक विशेष अभियान चलाकर चोरी के 76 वाहन बरामद किए हैं। इस मामले में तीन किशोरों सहित 11 कथित वाहन चोरों को पकड़ा है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि जिले भर में ऑपरेशन चक्र के तहत संग"ित वाहन चोर गिरोहों पर नकेल कसने के लिए यह गोपनीय जानकारी पर आधारित एक अभियान चलाया गया। इसके तहत आपसी तालमेल के साथ छापे मारे गए, तकनीकी निगरानी की मदद ली गई, लावारिस छोड़े गए वाहनों की जांच की गई, पार्किंग क्षेत्रों की तलाशी ली गई और पुलिस गश्त को और तेज किया गया।पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, इस अभियान के माध्यम से वाहन चोरी के 76 मामलों को सुलझाया गया है, जिसमें 75 दोपहिया वाहन और एक चारपहिया वाहन बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक, बरामद किए गए वाहनों में से 23 वाहन पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जब्त किए हैं, जबकि 42 चोरी के वाहन आवासीय कॉलोनियों और सोसायटियों में लावारिस हालत में मिले। पुलिस ने बताया कि 11 अन्य चोरी के वाहन पार्किंग क्षेत्रों से बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान रोहित, करण, सनप्रीत सिंह, जपजेस्त सिंह उर्फ जपी, शिवा उर्फ सिब्बू, अभिषेक, नईम और जीशान के रूप में हुई है, जबकि इनके साथ तीन किशोर भी शामिल हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस पूरे अभियान का मुख्य उद्देश्य वाहन चोरी करने वाले गिरोहों और चोरी की गाड़ियां खरीदने-बेचने वाले पूरे नेटवर्क को पूरी तरह से ध्वस्त करना है।