वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के प्रयास के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

प्रकाशित: 27-07-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
बांदा, (वीअ)। नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के प्रयास के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया है। सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टाक ने बताया कि, 24 जुलाई को थाना मरका क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका घर से नाराज होकर अपने ननिहाल जाने के लिए निकली थी। देर रात बांदा पहुंचने पर वह नरैनी जाने के लिए एक ई-रिक्शा में बैठी। आरोप है कि ई-रिक्शा चालक नरेश कुमार ने अपने साथी एजाज के साथ मिलकर बालिका का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया और फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पीड़िता को सकुशल बरामद कर मेडिकल परीक्षण कराया। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में थाना कोतवाली नगर, थाना मरका, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और ई-रिक्शा के सत्यापन के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही थी। रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी गंछा रोड पर मौजूद हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन आरोप है कि आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एजाज के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा आरोपी नरेश कुमार भी गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान कांस्टेबल मो. यूनुस और कांस्टेबल इन्द्रपाल सिंह घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। और उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया है। आरोपी एजाज के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज होने की बात पुलिस ने कही है। इस मामले में थाना मरका में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 70(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज है। वहीं, पुलिस मुठभेड़ के संबंध में थाना कोतवाली नगर में भी सुसंगत धाराओं में अलग से मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक बलराम सिंह (थाना कोतवाली नगर), थानाध्यक्ष सुबेदार बिन्द (थाना मरका), एसओजी प्रभारी आनन्द कुमार, सर्विलांस प्रभारी राजेश मौर्य, चौकी प्रभारी विश्वविद्यालय दीपक कुमार सैनी, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार सोनी (प्रभारी जेल चौकी), चौकी प्रभारी अतर्रा चुंगी उत्कर्ष सिंह, हेड कांस्टेबल अश्वनी प्रताप सिंह, कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह, कांस्टेबल इन्द्रपाल सिंह, कांस्टेबल मो. यूनुस, कांस्टेबल प्रतीक, कांस्टेबल मनीष मिश्रा, कांस्टेबल अमित त्रिपाठी, कांस्टेबल रिषभ सिंह, कांस्टेबल विनोद यादव, कांस्टेबल विनय कुमार, आरक्षी चालक शशिराज एवं आरक्षी चालक अमित पाल शामिल रहे।