वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

मतदाता सूची को अद्यावधिक, शुद्ध बनाना जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता : अंजनी कुमार

प्रकाशित: 15-01-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
मतदाता सूची को अद्यावधिक, शुद्ध बनाना जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता : अंजनी कुमार
आकाश तिवारी
मैनपुरी - जिलाधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों, पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का कार्य प्रगति पर है, मतदाता सूची का ड्राफ्ट रोल दि. 06 जनवरी को प्रकाशित हो चुका है, ऐसे मतदाता जिनके नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उन्हें नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में नहीं है वह अपने दावे-आपत्ति दि. 06 फरवरी तक जमा कर सकते हैं, 27 फरवरी तक प्राप्त दावे-आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा, दि. 03 मार्च को निर्वाचक नामावली के प्रकाशन की अनुमति निर्वाचन आयोग से प्राप्त की जाएगी, दि. 06 मार्च को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।
उन्होने जन-प्रतिनिधियों, राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से कहा कि अर्ह तिथि 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे युवाओं से फार्म-6 भरवाकर उनके नाम मतदाता सूची में शामिल करने में अपना योगदान दें।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जनपद की मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यावधिक बनाना है, मतदाता सूची तभी अद्यावधिक होगी जब उसमें किसी पात्र मतदाता का नाम शामिल होने से वंचित न रहे, किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो, इसी पर फोकस कर मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्यामलता आनन्द के अलावा जिलाध्यक्ष कॉग्रेस गोपाल कुलश्रेष्ठ, भारतीय जनता पार्टी से विशाल बाल्मिकी, अरूण कुमार सिंह, सपा से राम नारायण बाथम, राजू चौधरी, मोहकम सिंह, निर्वाचन कार्यालय से सुनील मिश्रा, अजय अम्बेश आदि उपस्थित रहे।