वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

महिला टीचर ने राष्ट्रपति से मांगी इच्छा मृत्यु, खून से लिखा पत्र DM को सौंपा, मचा हड़कंप

प्रकाशित: 13-01-2026 | लेखक: गौरव शर्मा
महिला टीचर ने राष्ट्रपति से मांगी इच्छा मृत्यु, खून से लिखा पत्र DM को सौंपा, मचा हड़कंप
बागपत: यूपी के बागपत से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न से परेशान होकर एक महिला टीचर ने राष्ट्रपति से इच्छा मृत्यु की मांग की है और खून से पत्र लिखकर जिले के डीएम को सौंपा है। पीड़ित महिला टीचर ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले के सामने आने के बाद जिले में हड़कंप मच गया है।
क्या है पूरा मामला?
बागपत में एक टीचर ने कॉलेज प्रबंधक पर मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए खून से पत्र लिखा और राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी अस्मिता लाल को सौंपा। इस लेटर में टीचर ने परिवार सहित इच्छा मृत्यु की मांग की है। सोमवार को पीड़ित टीचर, परिवार सहित जिलाधिकारी कार्यालय कलेक्ट्रेट में पहुंची थीं।
इस दौरान पहले से ही सर्वसमाज के लोग मौजूद थे। इसके बाद सभी ने जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में धरना दिया और आरोपी कॉलेज प्रबंधक के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उस पर तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की। धरने के दौरान सभी से एकत्र खून से देश की महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन लिखा गया।
इस ज्ञापन में लोगों ने टीचर निधि शर्मा को न्याय दिलाने की बात कही है। वहीं टीचर निधि शर्मा ने परिवार सहित इच्छा मृत्यु की मांग की है। इस दौरान जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में टीचर निधि शर्मा ने बताया कि वह मूल रूप से बुलंदशहर की रहने वाली हैं। 2022 में उनका चयन हुआ था और बागपत में हजारी लाल इंटर कॉलेज में वह तैनात हैं।
निधि शर्मा ने आरोप लगाया कि जब वह इस स्कूल में तैनात हुई थीं, तब इस कॉलेज के प्रिंसिपल राजेंद्र सिंह भाटी थे और फिलहाल वह कॉलेज में प्रबंधक के पद पर हैं। वह लगातार उन्हें मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। जिसकी शिकायत वह जिला प्रशासन से और प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ से भी कर चुकी हैं लेकिन उनकी समस्या का कोई भी समाधान नहीं हुआ और न ही कॉलेज प्रबंधक के खिलाफ कोई कार्रवाई हुई है।
इसलिए अब टीचर निधि शर्मा ने राष्ट्रपति को सौंपे ज्ञापन में इच्छा मृत्यु की मांग की है। वहीं मानवाधिकार संगठनों ने इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच का आश्वासन दिया है।