वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

हवाला रैकेट का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

प्रकाशित: 08-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
बरेली, (भाषा)। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में पुलिस ने रविवार को एक कथित हवाला गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 35 लाख रुपये नकद और फर्जी आधार कार्ड बरामद करने के बाद दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। वरिष्" पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने संवाददाताओं को बताया कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ एक विशेष अभियान के दौरान गुप्त सूचना पर बारादरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने ये गिरफ्तारियां कीं।उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान बरेली के हजियापुर चुंगी के रहने वाले जमीर अहमद और राजस्थान के बीकानेर के रहने वाले जगदीश चोटिया के रूप में हुई है। आर्य ने बताया कि आरोपियों के पास से 35 लाख रुपये नकद, दो फर्जी आधार कार्ड और मोबाइल फोन बरामद किये गये।
पुलिस के अनुसार, अहमद ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि वह दुबई में अली जीशान नाम के एक व्यक्ति के संपर्क में था और हवाला का कारोबार करने के लिये मोइन अली के नाम पर केजीएन नाम की एक कंपनी खोली गई थी।
पुलिस ने बताया कि इस कम्पनी का कार्यालय पीलीभीत बाईपास रोड पर स्थित था और उसमें जाहिर तौर पर कोई भी कारोबार नहीं होता था।
जांचकर्ताओं के मुताबिक, गिरोह के सदस्यों ने टोकन-आधारित लेनदेन के जरिये धन अंतरित किया और उसे दिल्ली में अपने संपर्क में लोगों को भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, दूसरे आरोपी जगदीश ने पुलिस को बताया कि वह पिछले चार वर्षों से बरेली में हवाला के कारोबार में शामिल था और कमीशन पर काम करता था।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में मोईन अली और दिल्ली के रहने वाले लालचंद व धम्माराम की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, इस सिलसिले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।
वरिष्" पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरोह के दुबई से जुडे तारों और धन के स्रोत की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।