मोदी ने यूएन मिलिट्री जेंडर एडवोकेट अवॉर्ड के लिए मेजर अभिलाषा बराक को बधाई दी
प्रकाशित: 08-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली, (भाषा)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मेजर अभिलाषा बराक को यूएन मिलिट्री जेंडर एडवोकेट ऑफ द ईयर अवॉर्ड से सम्मानित किए जाने पर रविवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान मेजर बराक की अनुकरणीय सेवाओं के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में भारत के लंबे योगदान को भी मान्यता है। मेजर बराक वर्तमान में लेबनान में संयुक्त राष्ट्र मिशन में तैनात हैं। उन्हें पश्चिम एशियाई देश में तैनाती के दौरान महिलाओं और लड़कियों तक पहुंच बनाने तथा उनके साथ संवाद स्थापित करने के प्रयासों के लिए यह पुरस्कार दिया गया है। वह भारतीय सेना की पहली महिला लड़ाकू हेलीकॉप्टर पायलट भी हैं। प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया, मेजर अभिलाषा बराक को यूएन मिलिट्री जेंडर एडवोकेट ऑफ द ईयर अवॉर्ड से सम्मानित किए जाने पर बधाई। उन्होंने कहा कि मेजर बराक संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल लेबनान (यूएनआईएफआईएल) में एंगेजमेंट टीम कमांडर और जेंडर फोकल प्वाइंट के रूप में कार्यरत हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, यह सम्मान उनकी अनुकरणीय सेवाओं को मान्यता है और साथ ही संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में भारत के लंबे योगदान का भी सम्मान है। उनकी यह उपलब्धि उन अनगिनत युवा भारतीयों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो राष्ट्र और मानवता की सेवा का सपना देखते हैं। संयुक्त राष्ट्र शांति सेना के अनुसार, यह पुरस्कार प्रत्येक वर्ष सभी शांति अभियानों में बल कमांडर और मिशन प्रमुखों की ओर से नामित उम्मीदवारों में से चुने गए विजेताओं को दिया जाता है।