वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

कटघोरा-कवर्धा-डोंगरगढ़ रेल परियोजना को लेकर संघर्ष तेज, रेलवे संघर्ष समिति का होगा पुनर्गठन

प्रकाशित: 21-07-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
कवर्धा, (छत्तीसगढ़ ब्यूरो)। बहुप्रतीक्षित कटघोरा-कवर्धा-डोंगरगढ़ रेलवे परियोजना को शीघ्र शुरू कराने की मांग को लेकर रेलवे संघर्ष समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के पुनर्गठन, जनजागरण अभियान चलाने और जनप्रतिनिधियों से मिलकर परियोजना को गति दिलाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में वक्पाओं ने कहा कि यह रेलवे परियोजना केवल रेल लाइन नहीं, बल्कि कबीरधाम, खैरागढ़, मुंगेली और आसपास के क्षेत्रों के आर्थिक, औद्योगिक, शैक्षणिक, पर्यटन एवं सामाजिक विकास की आधारशिला साबित होगी। समिति के वरिष्ठ सदस्य बंटी (मनीष) तिवारी ने कहा कि अब संघर्ष को संगठित रूप देते हुए सांसद, विधायक, उपमुख्यमंत्री, मुख्यमंत्री और रेल मंत्रालय से मुलाकात कर क्षेत्रवासियों की मांग को मजबूती से रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि परियोजना पर काम शुरू कराने के लिए निर्णायक पहल की जरूरत है। वरिष्ठ पत्रकार एवं कवि निखिलेश सोनी ‘प्रतीक' ने परियोजना के समर्थन में व्यापक जनजागरण अभियान चलाने, गांव-गांव संपर्क करने और युवाओं, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों व बुद्धिजीवियों को आंदोलन से जोड़ने का आ"ान किया। उन्होंने कहा कि जब तक रेलवे परियोजना धरातल पर नहीं उतरती, तब तक शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि रेलवे संघर्ष समिति का विधिवत पुनर्गठन अगली बैठक में किया जाएगा। अध्यक्ष, संरक्षक, संयोजक, महासचिव, सचिव, मीडिया प्रभारी सहित अन्य पदाधिकारियों का मनोनयन कर समिति को और अधिक सत्रिढय एवं प्रभावी बनाया जाएगा।