जवाहर भवन के चतुर्थ तल स्थित कार्यालय में लगी भीषण आग, 15 दमकल वाहनों ने पाया काबू
प्रकाशित: 21-07-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
लखनऊ,(वीअ)। राजधानी लखनऊ के हजरतगंज थाना क्षेत्र स्थित जवाहर भवन के पिछले हिस्से में सोमवार सुबह एक कार्यालय में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग चतुर्थ तल स्थित कार्यालय में लगी थी। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।पुलिस के अनुसार, आग लगने की सूचना सोमवार सुबह करीब 9:55 बजे प्राप्त हुई। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के साथ थाना प्रभारी हजरतगंज पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं, फायर स्टेशन हजरतगंज से तीन अग्निशमन वाहनों समेत जनपद के विभिन्न फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं। पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कुल 15 अग्निशमन वाहन घटनास्थल पर पहुंचे। अग्निशमन कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।