वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं का जोरदार प्रदर्शन, हजरतगंज चौराहे पर हंगामा

प्रकाशित: 21-07-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
लखनऊ,(वीअ)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के समर्थन और सपा सांसद डिंपल यादव समेत अन्य सपा सांसदों की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता हजरतगंज चौराहे पर पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने का काम कर रही है। प्रदर्शन के चलते हजरतगंज चौराहे पर कुछ समय के लिए माहौल गरमा गया और यातायात भी प्रभावित हुआ। प्रदर्शन में नगर अध्यक्ष फाखिर सिद्दीकी समेत सपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। पुलिस सभी को बस के माध्यम से इको गार्डन ले गई। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित किया।