वरिष्ठ पत्रकार राजीव शर्मा का निधन
प्रकाशित: 08-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
रायपुर, (छत्तीसगढ़ ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार चौबे कॉलोनी निवासी राजीव शर्मा का शनिवार को हृदयाघात से निधन हो गया, वे 68 वर्ष के थे। दिवंगत राजीव शर्मा (पौसरी वाले) वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रेस क्लब के मानद सदस्य राजेश शर्मा के अनुज थे। स्व. शर्मा ने अपने 45 वर्षीय पत्रकालीन जीवन में महाकौशल, तरूण छत्तीसगढ़ में अमूल्य सेवाएं दी थीं। वर्तमान समय में वे राष्ट्रीय न्यूज सर्विस में अपनी सेवाएं दे रहे थे। आरएनएस परिवार ने आज प्रधान संपादक राजेन्द्र शुक्ला, हर्ष शुक्ला, एच.एस ठाकुर, सत्येन्द्र पंत, अभिनेष त्रिपाठी, लोकेश ढोटे, संदीप शर्मा, संजय यदु, रोहित बंछोर, रमेश देवांगन एवं अन्य पत्रकार कर्मियों की उपस्थिति में पंडित शर्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन धारण कर ईश्वर को अपनी श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की साथ ही उनके परिवार को शोक की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। उनकी अंतिम यात्रा निवास स्थान से महादेव घाट पहुंची जहां परिजनों, पत्रकारों एवं अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में अंतिम संस्कार सम्पन्न किया गया।