एनएलसी इंडिया ने तेलंगाना में हासिल किया एक महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक
प्रकाशित: 13-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नयी दिल्ली, (भाषा)। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी एनएलसी इंडिया लिमिटेड ने तेलंगाना में एक महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक हासिल किया है। कंपनी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया, खान मंत्रालय की ओर से एनएलसी इंडिया को महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिज ब्लॉक की नीलामी के लिए तरजीही बोलीदाता कंपनी घोषित किया गया है। एनएलसी इंडिया ने बताया कि मंत्रालय की ओर से 11 जून को आयोजित खनिज ब्लॉक की नीलामी के बाद उसे तेलंगाना के संगारेड्डी में पर्वथापुर वैनेडियम, टाइटेनियम और एल्युमिनस लैटेराइट ब्लॉक के लिए तरजीही बोलीदाता घोषित किया गया है। कंपनी का मुख्य कारोबार कोयला और लिग्नाइट खनन के साथ-साथ विद्युत उत्पादन से जुड़ा है। एनएलसी इंडिया लिमिटेड (एनएलसीआईएल) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिजों के शोधन तथा उन्हें निकालने की प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग के लिए सीएसआईआर- केंद्रीय विद्युतरसायन अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर-सीईसीआरआई), कराईकुडी के साथ एक समझौता किया है।