वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

नवप्रशिक्षित सहायक उप निरीक्षक एवं रंगरूट कांस्टेबलों का पासिंग आउट परेड समारोह

प्रकाशित: 13-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
वीर अर्जुन संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस अकादमी, झरोदा कलां, नई दिल्ली में 85 प्रशिक्षुओं के लिए पासिंग आउट एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इनमें बैच संख्या-1 के 37 सहायक उप निरीक्षक (रेडियो तकनीशियन) (08 महिला सहित) तथा बैच संख्या-127 के 48 रंगरूट कांस्टेबल (10 महिला सहित) शामिल थे। इन प्रशिक्षुओं ने अपना प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया है और अब दिल्ली पुलिस में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए तैयार हैं। इस अवसर पर अकादमी के उप निदेशक राजबीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
सहायक निदेशक (आउटडोर) प्रभु दयाल ने प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए प्रशिक्षण के दौरान उनमें विकसित किए गए अनुशासन, टीम भावना एवं जनसेवा के मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रशिक्षुओं की विविध पृष्ठभूमियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह विविधता पुलिस बल को और अधिक सशक्त बनाती है। सहायक उप निरीक्षक (रेडियो तकनीशियन) वर्ग में कुल 12 प्रशिक्षु दिल्ली, 06 हरियाणा, 09 उत्तर प्रदेश, 03 राजस्थान तथा 01-01 प्रशिक्षु छत्तीसगढ़, गुजरात, मणिपुर, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना एवं पश्चिम बंगाल से हैं जबकि रंगरूट कांस्टेबलों में 02 प्रशिक्षु दिल्ली, 04 हरियाणा, 19 उत्तर प्रदेश, 08 राजस्थान तथा 06 मध्य प्रदेश से संबंधित हैं।
उप निदेशक, दिल्ली पुलिस अकादमी राजबीर सिंह ने प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए उन्हें प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान को अपने कार्यक्षेत्र में प्रभावी रूप से लागू करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि वायरलेस संचालन एवं कांस्टेबुलरी दिल्ली पुलिस की रीढ़ हैं। निर्बाध संचार व्यवस्था किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति के प्रभावी नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है तथा कांस्टेबल किसी भी कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति में प्रथम प्रतिािढया देने वाले पुलिसकर्मी होते हैं।
उन्होंने प्रशिक्षुओं को जनसामान्य की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का आह्वान करते हुए कहा कि उनका व्यवहार ही पुलिस बल की छवि निर्धारित करता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं कौशल उन्हें राष्ट्रीय राजधानी में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सफलतापूर्वक सामना करने में सहायता प्रदान करेंगे।
समारोह में प्रशिक्षुओं के परिजनों तथा दिल्ली पुलिस अकादमी के अधिकारियों ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।