वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में महत्वपूर्ण खनिजों पर होगी चर्चा: रेड्डी

प्रकाशित: 12-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली, (भाषा)। केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने पावार को कहा कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में महत्वपूर्ण खनिजों पर प्रमुखता से चर्चा होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार देश में ऐसे खनिजों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए कई कदम उठा रही है। रेड्डी ने कहा कि परमाणु ऊर्जा परियोजनाओं के लिए जरूरी लिथियम ब्लॉक हासिल करने के लिए अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया और चिली के साथ सरकार से सरकार स्तर पर बातचीत चल रही है। उन्होंने उद्योग मंडल भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के उन्नत सामग्री, महत्वपूर्ण खनिज और धातु सम्मेलन के दौरान अलग से बातचीत में संवाददाताओं से कहा, ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में महत्वपूर्ण खनिज प्रमुख एजेंडे में शामिल हैं और इस पर चर्चा होगी। रेड्डी ने बताया कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले उन्होंने बृहस्पतिवार को रूस के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ विशेष बैठक भी की थी। भारत की मेजबानी में शनिवार से शुरू होने वाले दो दिवसीय ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में खाद्य, ऊर्जा और स्वास्थ्य सुरक्षा के साथ-साथ आपदा जोखिम में कमी और महत्वपूर्ण आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा होने की उम्मीद है। भारत ऐसे समय में ब्रिक्स को अधिक प्रभावी मंच के रूप में आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा है, जब वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक परिस्थितियां लगातार बदल रही हैं।